चंडीगढ़ की मोबाइल मार्केट से एक चोर ने करीब 10 लाख रुपए की कीमत के मोबाइल चोरी कर लिए। मार्केट में उसने शोरूम के भीतर बनी कई दुकानों खंगाली। अंदर रखे हाई क्वालिटी के कई मोबाइल फोन चोरी कर लिए। इसके बाद दुकानों के लॉकर तोड़कर नकदी भी चुरा ली। दुकान मालिक का कहना है कि दुकानों की देखरेख के लिए उन्होंने एक केयर टेकर भी रखा हुआ है। उसकी दुकानों में पार्टनरशिप भी है। सूचना पर पहुंची पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज खंगाल कर जांच शुरू कर दी है। अब इस घटना से जुड़ी एक वीडियो भी सामने आई है। चोर दुकान में सीधा परफेक्ट लोकेशन पर पहुंचकर सामान उठाता है, जिससे लग रहा है कि उसे पहले से ही दुकान के अंदर रखे सामान का पता हो। एक ही शोरूम में बनी है दुकानें
चोरी की घटना चंडीगढ़ के सेक्टर-22 की मोबाइल मार्केट में हुई। गुरुवार तड़के फेस पर मास्क लगाकर एक व्यक्ति मार्केट में घुस गया। इसके बाद उसने एक-एक कर दुकानों से चोरी की। सेक्टर-22 चौकी पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर जांच की। दुकान के मालिक महेश ने बताया कि शोरूम में बनी करीब 6 दुकानें बनी हुई हैं। अब पढ़िए वीडियो में क्या दिख रहा
चोरी की पूरी वारदात शोरूम में लगे सीसीटीवी कैमरों में कैद हो गई है। फुटेज में एक शख्स सफेद रंग की पैंट, सफेद जर्सी और सफेद टोपी पहने नजर आ रहा है। आरोपी ने अपने मुंह पर काले रंग का कपड़ा बांध रखा था। सीसीटीवी में साफ दिखाई दे रहा है कि आरोपी बार-बार कैमरों की ओर देख रहा था, जिससे यह संकेत मिलता है कि उसे कैमरों की लोकेशन की पहले से जानकारी थी। वह सीधे उन्हीं जगहों पर गया, जहां नकदी के लॉकर रखे थे और इधर-उधर भटका नहीं। आरोपी ने शोरूम के अंदर बनी अलग-अलग शॉप्स के लॉकर तोड़े और उनमें रखी नकदी समेटकर फरार हो गया। प्रारंभिक अनुमान के मुताबिक चोरी की रकम 10 लाख रुपए से अधिक बताई जा रही है।


