पलामू में नौकरी के नाम पर फ्रॉड कॉल:नौकरी दिलाने के बहाने पैसे मांगने का मामला, सिविल सर्जन ने दर्ज कराई FIR

पलामू में सिविल सर्जन कार्यालय के नाम पर फर्जी नियुक्ति पत्र जारी कर अवैध रूप से पैसे मांगने का मामला सामने आया है। इस संबंध में सिविल सर्जन डॉ. अनिल कुमार श्रीवास्तव ने शहर थाना में प्राथमिकी दर्ज कराई है। कुछ असामाजिक तत्व खुद को सिविल सर्जन कार्यालय से जुड़ा बताकर फार्मासिस्ट पद पर राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन (NHM) के तहत नियुक्ति दिलाने का झांसा दे रहे हैं। फर्जीवाड़े में शामिल व्यक्ति मोबाइल से संपर्क कर पैसे की मांग कर रहा है। कोई नियुक्ति प्रक्रिया नहीं चल रही: सिविल सर्जन फोन पर बात करने पर आरोपी खुद को रांची सिविल सर्जन कार्यालय से जुड़ा बताता है और कहता है कि पैसे जमा करने के बाद नियुक्ति पत्र दिया जाएगा, जिसके बाद पलामू सिविल सर्जन कार्यालय में योगदान देना होगा। डॉ. अनिल कुमार श्रीवास्तव ने स्पष्ट किया कि फिलहाल इस तरह की कोई नियुक्ति प्रक्रिया नहीं चल रही है और इसे पूरी तरह फर्जी बताया। गौरतलब है कि एनएचएम के अंतर्गत फार्मासिस्ट की नियुक्ति प्रक्रिया इस वर्ष जनवरी में शुरू हुई थी और मई माह में ही पूरी कर ली गई है। सिविल सर्जन ने आम जनता से अपील की है कि वे ऐसे झांसे में न आएं और किसी भी व्यक्ति को पैसे न दें। उन्होंने संदिग्ध कॉल या नियुक्ति पत्र की सूचना तत्काल पुलिस या स्वास्थ्य विभाग को देने का आग्रह किया। शहर थाना प्रभारी इंस्पेक्टर ज्योतिलाल रजवार ने बताया कि एफआईआर दर्ज कर पुलिस मामले की जांच कर रही है।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *