कोटा रेंज के उप महानिरीक्षक पुलिस राजेन्द्र प्रसाद गोयल ने कानून व्यवस्था और अपराध नियंत्रण की समीक्षा के लिए झालावाड़ का एक दिवसीय दौरा किया। इस दौरान उन्होंने पुलिस लाइन झालावाड़ में आयोजित संपर्क सभा में पुलिसकर्मियों और उनके परिवारजनों के लिए विकसित विभिन्न सुविधाओं का लोकार्पण किया। पुलिस लाइन आवासीय परिसर में जिला पुलिस के प्रयासों और नगर परिषद सभापति प्रदीप सिंह और स्थानीय पार्षद ईनाम जाफर के सहयोग से एक ओपन जिम स्थापित की गई है। इस जिम में 12 प्रकार के व्यायाम उपकरण लगाए गए हैं, जिससे पुलिस जवानों और उनके परिवारजनों को लाभ मिलेगा। उप महानिरीक्षक ने इस ओपन जिम का लोकार्पण किया। इसी क्रम में पुलिस लाइन परिसर में एक लाइब्रेरी का भी शुभारंभ किया गया। यह लाइब्रेरी पुलिसकर्मियों या उनके परिवार के सदस्यों को शांत वातावरण में अध्ययन करने और प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी के लिए सुविधा प्रदान करेगी। पुलिस लाइन में महिलाओं, बच्चों और बुजुर्गों के लिए एक प्राकृतिक पार्क भी विकसित किया गया है। इस पार्क में बच्चों के लिए झूले लगाए गए हैं और विभिन्न प्रजातियों के पौधों का रोपण किया गया है। शीघ्र ही यहां एक किलोमीटर लंबा वॉकिंग ट्रैक भी तैयार किया जाएगा। इसके अतिरिक्त पुलिसकर्मियों के परिवारजनों की मांग पर आवासीय परिसर में एक मंदिर का निर्माण कराया गया, जिसका विधिवत लोकार्पण भी किया गया। इस मंदिर में प्रतिदिन पूजा-पाठ और धार्मिक त्योहारों पर आयोजन किए जा सकेंगे। लोकार्पण कार्यक्रम में नगर परिषद सभापति प्रदीप सिंह, पार्षद ईनाम जाफर और पुलिस के वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे। दौरे के दौरान पुलिस अधीक्षक कार्यालय में जिले के समस्त पुलिस अधिकारियों की अपराध गोष्ठी आयोजित की गई। इस गोष्ठी में पुलिस अधीक्षक के साथ अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक भागचंद मीणा और श्योराज मल मीणा सहित जिले के थानाधिकारी वर्चुअल माध्यम से शामिल हुए। बैठक में कानून व्यवस्था, अपराध नियंत्रण, लंबित प्रकरणों के निपटारा और वीवीआईपी विजिट के दौरान शांति व्यवस्था बनाए रखने के संबंध में आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।


