पंजाब के मोहाली जिले के जीरकपुर की रहने वाली नीतू सैनी ने टोहाना शहर थाना पुलिस को दी शिकायत में अपने दामाद पर बेटी की हत्या कर शव को खुर्द बुर्द करने करने का आरोप लगाया है। शहर थाना पुलिस ने नीतू सैनी के बयान पर कार्रवाई करते हुए आरोपी रविदत्त के खिलाफ हत्या की धारा 103 (1) और 238(b) के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस मृतका के शव की तलाश कर रही है। पुलिस को दी शिकायत में जीरकपुर निवासी नीतू सैनी ने बताया कि उसकी 22 वर्षीय बेटी कोमल का विवाह तीन साल पहले रविदत्त से हुआ था। उनकी एक साल की बेटी पल्लवी भी है। नीतू सैनी के अनुसार, उनकी बेटी कोमल 15 अक्टूबर से लापता है। आरोप लगाया कि उनके दामाद ने बेटी की हत्या कर शव को ठिकाने लगा दिया है। मोहित मर्डर केस में गिरफ्तार हो चुका आरोपी पति आरोपी रविदत्त को दो महीने पहले किला मोहल्ला निवासी रोहित की हत्या के मामले में पहले ही गिरफ्तार किया जा चुका है। पुलिस उससे कोमल हत्याकांड के संबंध में गहनता से पूछताछ कर रही है। नीतू सैनी ने यह भी आरोप लगाया कि रविदत्त के परिजन भी उनकी बेटी से मारपीट करते थे। नीतू ने बेटी के ससुराल वालों के खिलाफ भी सख्त कार्रवाई की मांग की है। इस मामले में डीएसपी उमेद सिंह ने बताया कि कोमल की माता के बयान पर रविदत्त के खिलाफ हत्या का केस दर्ज किया गया है। डीएसपी ने आगे बताया कि रविदत्त को रोहित हत्याकांड में जेल भेजा जा चुका है। कोमल की हत्या के इस नए मामले में उसे प्रोटेक्शन वारंट पर दोबारा लाया जाएगा। उन्होंने पुष्टि की कि कोमल के शव की तलाश जारी है।


