राजस्थान की ब्लू सिटी जोधपुर एक बार फिर सिनेमाई महाकुंभ की मेजबानी के लिए तैयार है। फेडरेशन ऑफ फिल्म सोसाइटीज ऑफ इंडिया (FFSI) नॉर्थ रीजन से मान्यता प्राप्त 12वें राजस्थान इंटरनेशनल फिल्म फेस्टिवल (रिफ 2026) की दूसरी आधिकारिक सूची घोषित कर दी गई है। आयोजकों द्वारा जारी इस सूची में 15 नई फिल्मों को प्रतियोगिता अनुभाग में जगह मिली है। इसके साथ ही रिफ 2026 के लिए अब तक कुल 40 फिल्मों का आधिकारिक चयन हो चुका है, जो फिल्म प्रेमियों के लिए एक रोमांचक अनुभव का वादा करती हैं। स्टार पावर और दिग्गज निर्देशकों का जमावड़ा रिफ 2026 की दूसरी सूची में क्षेत्रीय और राष्ट्रीय सिनेमा के बड़े नाम शामिल हैं। सबसे प्रमुख आकर्षण बंगाली फीचर फिल्म “बिनोदिनी एकटी नटिर उपाख्यान” (बिनोदिनी: अ टेल ऑफ़ अ थिएटर थेस्पियन) होगी। राम कमल मुखर्जी द्वारा निर्देशित इस फिल्म में रूकमिणी मैत्रा, राहुल बोस और चंदन रॉय सान्याल जैसे दिग्गज कलाकार मुख्य भूमिकाओं में नजर आएंगे। वहीं, नॉन-फीचर श्रेणी में प्रसिद्ध फिल्म निर्माता और निर्देशक अनंत महादेवन की मलयालम डॉक्यूमेंट्री “द मैन हू हर्ल्स न्यूज़” का चयन किया गया है, जो फेस्टिवल की गरिमा को और बढ़ाएगी। राजस्थानी सिनेमा का दिखेगा दम फेस्टिवल में स्थानीय सिनेमा को भी प्रमुखता दी गई है। जी. नटराज द्वारा निर्देशित और बेनी प्रसाद गुर्जर व अजय नटराज द्वारा निर्मित राजस्थानी फीचर फिल्म “बैरण” का चयन दूसरी सूची में हुआ है। इसके अलावा, शॉर्ट फिल्म श्रेणी में कपिल तँवर द्वारा निर्देशित “रू ब रू” (फ़ेस टू फ़ेस) अपनी जगह बनाने में कामयाब रही है। स्टूडेंट कैटेगरी में सुधांशु मोहन की “रैट्ट्रैप” और हर्षा जैन की एनिमेशन फिल्म “खट्टो-मीठो” (सॉर ऐंड स्वीट) भी राजस्थानी प्रतिभा का लोहा मनवाएंगी। फीचर और नॉन-फीचर श्रेणी में चुनी गई फिल्में इस सूची में 6 फीचर और 9 नॉन-फीचर फिल्में शामिल हैं। फीचर फिल्मों में बंगाली फिल्म “नो मास नो दिन एबोंग अंतहीन” (निर्देशक सौमदीप घोष चौधरी), मलयालम फिल्में “निझल व्यापरिकल” (निर्देशक शाजू वलप्पन) और “स्वालिह” (निर्देशक सिद्दीक पारवूर) के साथ-साथ अंतरराष्ट्रीय फिल्म “ऐन ऑर्डिनरी कपल टू प्वॉइंट ज़ीरो” (निर्देशक जय गियानुकोस और सुसान बार्न्स) शामिल हैं। नॉन-फीचर श्रेणी में हिंदी-उर्दू म्यूज़िक वीडियो “मुन्तज़िर” (निर्देशक ओजस्वी शर्मा), पंजाबी-अंग्रेज़ी स्टूडेंट डॉक्यूमेंट्री “द बर्डसॉन्ग”, इतालवी लघु फिल्म “सोट्टो ला पेल्ले – अंडर द स्किन”, हिंदी स्टूडेंट शॉर्ट फिल्म “काली” और हिंदी म्यूज़िक वीडियो “योलो जीलो” (गायक जावेद अली) को प्रदर्शित किया जाएगा। ‘सिनेमास्थान’ थीम, फेस्टिवल 31 जनवरी से 4 फरवरी तक रिफ फिल्म क्लब के मैनेजिंग ट्रस्टी और फेस्टिवल डायरेक्टर सोमेंद्र हर्ष ने बताया कि इस वर्ष का फेस्टिवल “सिनेमास्थान – आपका लेंस, हमारा राजस्थान” थीम पर आधारित है। आयोजन को राजस्थान पर्यटन विभाग का सहयोग प्राप्त है। फेस्टिवल 31 जनवरी से 4 फरवरी 2026 तक जोधपुर के मिराज सिनेमा (ब्लूसिटी मॉल) में आयोजित किया जाएगा। मेहरानगढ़ में सजेगी अवार्ड नाइट फेस्टिवल की शुरुआत 31 जनवरी को भव्य उद्घाटन समारोह के साथ होगी। पांच दिनों तक चलने वाले इस उत्सव में फिल्म स्क्रीनिंग, ओपन फोरम, टॉक शो और वर्कशॉप का आयोजन होगा। इसका समापन 4 फरवरी 2026 को ऐतिहासिक मेहरानगढ़ फोर्ट और चौकेलाओ महल टैरेस पर रिफ अवार्ड नाइट-2026 के साथ होगा, जो मेहरानगढ़ म्यूजियम ट्रस्ट के सहयोग से आयोजित की जाएगी। फिल्म जमा करने का अंतिम मौका आयोजकों ने बताया कि रिफ 2026 के लिए शॉर्ट, डॉक्यूमेंट्री, एनिमेशन, फीचर और वेब सीरीज सहित विभिन्न श्रेणियों में फिल्में जमा करने की अंतिम तिथि 31 दिसंबर 2025 है। फिल्म निर्माता फेस्टिवल की वेबसाइट www.riffjaipur.org और FilmFreeWay के माध्यम से अपनी प्रविष्टियां भेज सकते हैं।


