खुद के घर का सपना सच, चेहरों पर झलकी खुशी:पीएमएवाई योजना के तहत राशि जारी, सिंगल यूज प्लास्टिक के खिलाफ अभियान भी शुरू

हर परिवार के लिए अपने घर का सपना सबसे अनमोल होता है। गुरुवार को नगर निगम कार्यालय में आयोजित शहरी समस्या समाधान शिविर में यह खुशी साफ नजर आई, जब प्रधानमंत्री आवास योजना (पीएमएवाई) के लाभार्थियों को 50 हजार से 1 लाख रुपए तक की किस्त जारी की गई। जिला कलक्टर पीयूष समारिया ने लाभार्थियों को स्वीकृति पत्र प्रदान किए। इससे पूर्व जिला कलक्टर पीयूष समारिया ने आयुक्त ओमप्रकाश मेहरा के साथ शिविर का निरीक्षण किया। उन्होंने प्रत्येक काउंटर पर जाकर कार्यप्रणाली की जानकारी ली और शिविर में आए आमजन से फीडबैक भी प्राप्त किया। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि नियमों के दायरे में रहकर प्रत्येक व्यक्ति को अधिकतम राहत प्रदान की जाए। इस दौरान प्रशिक्षु आईएएस अधिकारी एवं उपायुक्त आराधना चौहान, अतिरिक्त आयुक्त हरबिन्दर कौर ढिल्लन, उपायुक्त जवाहर लाल जैन, भावना सिंह एवं दयावती सैनी उपस्थित रहीं। अनंतपुरा निवासी रामप्रसाद और शब्बीर मोहम्मद मजदूरी कर अपने परिवार का पालन-पोषण करते हैं। कच्चे मकान में रहने वाले दोनों ने प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत आवेदन किया था। गुरुवार को शिविर में रामप्रसाद को 1 लाख रुपए तथा शब्बीर मोहम्मद को 50 हजार रुपए की राशि मिली। दोनों के चेहरों पर खुशी साफ झलक रही थी। उन्होंने कहा कि कभी नहीं सोचा था कि खुद का पक्का घर होगा, लेकिन योजना ने उनका सपना पूरा कर दिया। सिंगल यूज प्लास्टिक के खिलाफ जन जागरूकता अभियान शुरू
राज्य सरकार के दो साल पूरे होने पर नगर निगम द्वारा सिंगल यूज प्लास्टिक की रोकथाम को लेकर गुरुवार को जन जागरूकता महाभियान की शुरुआत की गई। नगर निगम के प्रशासनिक भवन में ईको-फ्रेंडली उत्पादों की प्रदर्शनी लगाई गई तथा शिविर में आए आमजन को कपड़े के थैले वितरित किए गए।जिला कलक्टर पीयूष समारिया ने कहा कि पर्यावरण संरक्षण आज बेहद गंभीर विषय है और हमें सिंगल यूज प्लास्टिक का बहिष्कार कर प्राकृतिक उत्पादों को अपनाने का संकल्प लेना चाहिए। आयुक्त ओमप्रकाश मेहरा ने बताया कि निगम क्षेत्र के सभी 15 सेक्टरों में भी अभियान चलाया गया। आज 14 वार्डों में शिविर, किसी भी दिन आने की सुविधा आयुक्त मेहरा ने बताया कि शुक्रवार को नगर निगम के 14 वार्डों में शहरी समस्या समाधान शिविर आयोजित किए जाएंगे। आमजन की सुविधा के लिए किसी भी वार्ड का व्यक्ति किसी भी दिन शिविर में आकर अपनी समस्या का समाधान करवा सकता है।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *