विश्व हिंदू परिषद के रक्षा प्रमुख को लाठी-डंडों से पीटा:छिंदवाड़ा में कार से आए लोगों ने ढाबे के सामने मारपीट की; वीडियो आया

छिंदवाड़ा में विश्व हिंदू परिषद के जिला रक्षा प्रमुख को लाठी से पीटा, लातें मारीं। जब वह भागने की कोशिश करने लगा तो उसे पकड़कर और पीटा। युवक को नागपुर रेफर किया गया है। मामला बुधवार शाम का है। आज मारपीट करने का 1 मिनट 9 सेकेंड का वीडियो भी सामने आया है। बुधवार को काले रंग की फोर्ड कार में सवार कुछ युवक ढाबे के सामने आकर रुकते हैं। इसके बाद किसी बात को लेकर ढाबा संचालकों और कार सवार युवकों के बीच विवाद हुआ, जो कुछ ही देर में हिंसक झड़प में बदल जाता है। विवाद के दौरान कार सवार युवकों ने बड़े चाकूनुमा हथियार निकाल लिए और ढाबा संचालकों पर ताबड़तोड़ वार शुरू कर दिए। हमले में राजा नाम का युवक गंभीर रूप से घायल हो गया, जिसे प्राथमिक उपचार के बाद नागपुर रेफर किया गया है। वहीं दूसरे युवक के चेहरे पर भी गंभीर चोटें आई हैं, जिसका इलाज स्थानीय अस्पताल में जारी है। बंद हो चुका था ढाबा
मूड फूड ढाबे का संचालन विश्व हिंदू परिषद एवं बजरंग दल के जिला सुरक्षा प्रमुख रविराज भारद्वाज और उनके भाई ऋतुराज भारद्वाज द्वारा किया जाता है। घटना उस समय हुई जब ढाबा बंद किया जा चुका था और इसके बाद दोनों पक्षों के बीच विवाद बढ़ गया। देहात थाना निरीक्षक जी.एस. राजपूत ने बताया कि पूरी वारदात सीसीटीवी कैमरे में कैद हुई है। वीडियो के आधार पर आरोपियों की पहचान की जा रही है। पुलिस ने हमलावरों की गाड़ी की पहचान कर ली है और जल्द ही आरोपियों को हिरासत में लिया जाएगा। फिलहाल पुलिस मामले की गंभीरता से जांच कर रही है और हमले के पीछे की वजह भी खंगाली जा रही है।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *