डूंगरपुर जिले के रामसागड़ा थाना क्षेत्र के नारेली गांव में गुरुवार को एक बुलडोजर हेल्पर की करंट की चपेट में आने से मौत हो गई। बुलडोजर का बकेट बिजली की लाइन से छू जाने के कारण यह हादसा हुआ। घटना के बाद मृतक के परिजन मौताणे (क्षतिपूर्ति) की मांग को लेकर धरने पर बैठ गए। महुड़ी निवासी अल्पेश रोत (20) पुत्र रमेश रोत बुलडोजर पर हेल्पर का काम करता था। गुरुवार को वह बुलडोजर लेकर नारेली गांव में खुदाई के काम पर गया था। इसी दौरान बुलडोजर का बकेट बिजली की लाइन के संपर्क में आ गया। बिजली का झटका लगने से हेल्पर अल्पेश गंभीर रूप से झुलस गया और बेहोश हो गया। उसे तुरंत डूंगरपुर अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया। घटना की सूचना मिलने पर रामसागड़ा थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव को अस्पताल की मॉर्च्युरी में रखवाया। मृतक के परिजन बुलडोजर मालिक से मौताणे की मांग पर अड़ गए। पुलिस ने परिजनों को समझाने का प्रयास किया। देर शाम को दोनों पक्षों के बीच समझौता हो गया। इसके बाद पुलिस ने शव का पोस्टमॉर्टम करवाकर परिजनों को सौंप दिया। पुलिस इस पूरे मामले की जांच कर रही है।


