प्रतापगढ़ शहर के टैगोर पार्क क्षेत्र में गुरुवार देर शाम करीब 7:30 बजे एक सड़क हादसा हुआ। एक तेज रफ्तार बाइक डिवाइडर पर रखे सीमेंट के गमले से टकरा गई। इस हादसे में बाइक सवार युवक गंभीर रूप से घायल हो गया और बाइक करीब 200 फीट दूर जा गिरी। प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि अचानक सामने से किसी के आ जाने के कारण बाइक सवार का संतुलन बिगड़ गया। बाइक सीधे डिवाइडर पर रखे सीमेंट के गमले से टकराई। टक्कर इतनी भीषण थी कि युवक सड़क पर गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गया। घटना के बाद मौके पर लोगों की भीड़ जमा हो गई। सूचना मिलने पर प्रतापगढ़ कोतवाली के थाना अधिकारी दीपक बंजारा मौके पर पहुंचे। उन्होंने घायल युवक को अपने सरकारी वाहन से तुरंत जिला अस्पताल पहुंचाया। चिकित्सकों ने उपचार शुरू किया, लेकिन सिर में गंभीर चोट लगने के कारण उपचार के दौरान युवक की मौत हो गई। शव को जिला अस्पताल की मॉर्च्युरी में रखवाया गया है। मृतक की पहचान 27 वर्षीय शाहीद पुत्र कल्लू खां, निवासी कच्ची बस्ती के रूप में हुई है। बताया गया कि शाहीद मजदूरी कर घर लौट रहा था, तभी यह हादसा हुआ। घटना की सूचना मिलने पर मृतक के परिजन भी जिला चिकित्सालय पहुंचे। आसपास के दुकानदारों ने बताया कि इस मार्ग पर स्पीड ब्रेकर नहीं होने के कारण अक्सर हादसे होते रहते हैं। दुकानदारों का कहना है कि पिछले एक महीने में यह दूसरी गंभीर घटना है। उन्होंने प्रशासन से जल्द ही गति नियंत्रण के उपाय करने की मांग की है। पुलिस ने मामले में आवश्यक कार्रवाई शुरू कर दी है।


