विदिशा में मंत्री विजय शाह के बयान का विरोध:महिला कांग्रेस ने पोस्टर जलाए, इस्तीफे की मांग; आंदोलन की चेतावनी भी दी

मध्य प्रदेश के वन मंत्री विजय शाह द्वारा महिलाओं को लेकर दिए गए कथित विवादित बयानों के खिलाफ जिला महिला कांग्रेस ने गुरुवार को विदिशा में प्रदर्शन किया। यह प्रदर्शन माधवगंज चौराहे पर आयोजित किया गया। प्रदर्शन के दौरान कांग्रेस पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं ने मंत्री विजय शाह के पोस्टरों पर कालिख पोती और उन्हें जलाकर अपना विरोध दर्ज कराया। कार्यकर्ताओं ने मंत्री शाह के इस्तीफे की मांग की। महिला कांग्रेस अध्यक्ष प्रियंका किरार ने कहा कि मंत्री विजय शाह सत्ता के नशे में चूर होकर महिलाओं का लगातार अपमान कर रहे हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि चाहे कर्नल सोफिया कुरैशी हों या प्रदेश की आम महिलाएं, मंत्री शाह के बयान अपमानजनक रहे हैं। किरार ने आगे कहा कि भाजपा सरकार में ऐसे मंत्री को बनाए रखना यह दर्शाता है कि महिलाओं का सम्मान उनके लिए केवल दिखावा है। उन्होंने लाडली बहना योजना के नाम पर महिलाओं के आत्मसम्मान से खिलवाड़ करने का भी आरोप लगाया। प्रियंका किरार ने चेतावनी दी कि यदि सरकार ने विजय शाह को मंत्रिमंडल से बर्खास्त नहीं किया, तो उग्र आंदोलन किया जाएगा और मुख्यमंत्री मोहन यादव का भी पुतला दहन किया जाएगा। ब्लॉक महिला कांग्रेस अध्यक्ष प्रीति कुशवाहा ने कहा कि भाजपा सरकार में महिलाएं न तो सुरक्षित हैं और न ही उन्हें सम्मान मिल रहा है। प्रदेश कांग्रेस कमेटी के पूर्व महामंत्री सुभाष बोहत और जिला कांग्रेस कमेटी के प्रवक्ता अरुण अवस्थी ने भी मंत्री शाह को तत्काल बर्खास्त करने की मांग की। उन्होंने कहा कि भाजपा का चाल-चरित्र महिलाओं के प्रति उसकी सोच को उजागर करता है। प्रदर्शन के दौरान मौके पर कोई अधिकारी नहीं पहुंचा, जिसके विरोध में कार्यकर्ताओं ने प्रतीकात्मक रूप से एक नंदी के गले में ज्ञापन पहनाया। बाद में तहसीलदार के देर से पहुंचने पर महिला कांग्रेस कार्यकर्ताओं की उनसे तीखी नोक-झोंक भी हुई।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *