जोधपुर के घोड़ों का चौक में ज्वैलर्स का विरोध-प्रदर्शन:सोशल मीडिया पर लागत से कम कीमत के दावे का ज्वैलर्स में विवाद, बंद रखीं दुकानें

जोधपुर के घोड़ों का चौक क्षेत्र में दुकानदारों के बीच चल रहे विवाद ने फिर से तनाव की स्थिति पैदा कर दी। गुरुवार को पुलिस एक व्यापारी को पकड़कर पूछताछ के लिए थाने ले गई। इसी के विरोध में व्यापारियों ने अपनी दुकानें बंद कर दीं और काफी देर तक विरोध प्रदर्शन किया। सदर बाजार थानाधिकारी माणकराम ने बताया- सुदर्शन ज्वैलर्स के मालिक की रिपोर्ट पर पिछले दिनों एफआईआर दर्ज की गई थी। इसकी जांच की जा रही है। दूसरी ओर इसी मुद्दे को लेकर ज्वैलर्स और स्वर्णकार समाज के पदाधिकारियों के साथ दोनों पक्षों के लोगों की देर रात तक मीटिंग जारी है। उल्लेखनीय है कि पिछले दिनों सुदर्शन ज्वैलर्स के मालिक ओमप्रकाश सोनी ने सदर बाजार थाने में लिखित शिकायत दी थी। इसमें घोड़ों का चौक क्षेत्र के ही कुछ व्यापारियों पर ब्लैकमेलिंग का आरोप लगाया था। शिकायत में बताया गया कि वे पिछले कई वर्षों से सोने-चांदी के आभूषण बनाकर बेच रहे हैं। कुछ समय पहले ही उन्होंने दुकान में मुनाफा यानी 5 प्रतिशत मेकिंग चार्जेज पर काम करना शुरू किया था, जिसके प्रचार-प्रसार के लिए मैसेज एवं वीडियो डाले थे।​ सोशल मीडिया पर गलत दावे का आरोप
शिकायतकर्ता के अनुसार दिनेश सोनी, नरेश सोनी एवं अन्य दुकानदारों ने “स्वर्णकार निर्माता’ के नाम से वॉट्सऐप ग्रुप बनाया और इस ग्रुप में उनके व्यापार को लेकर कमेंट करना व तरह-तरह की धमकियां देना शुरू कर दिया। शिकायत में दावा किया गया कि उनके व्यापार के प्रति गलत प्रचार किया जा रहा है। मैंने 5 प्रतिशत मेकिंग चार्जेज के व्यापार के प्रमोशन के जो वीडियो डाले थे, वे दिनेश सोनी ने मुझे धमकाकर हटवा दिए। इधर, व्यापारियों का दावा- प्रचार झूठा व भ्रामक
पिछले कई दिनों से चल रहे इस विवाद को लेकर ही घोड़ों का चौक क्षेत्र में फिर से तनाव की स्थिति बनी। सुदर्शन ज्वैलर्स के प्रचार को झूठा बताने के साथ ही एक व्यापारी के खिलाफ कथित रूप से झूठी एफआईआर कराने के विरोध में उतरे व्यापारियों ने दोपहर बाद बाजार बंद कर दिया। इन व्यापारियों का आरोप है कि गलत तथ्यों और झूठे दावे करते हुए सोशल मीडिया पर लागत से कम कीमत पर ज्वैलरी देने का प्रचार करके लोगों के साथ धोखाधड़ी की जा रही है और वे इसी के विरोध में हैं। देर रात तक दोनों पक्षों के साथ समाज प्रतिनिधियों की बैठक
इसी विवाद को लेकर गुरुवार रात को ज्वैलर्स एसोसिएशन और स्वर्णकार समाज के विभिन्न पदाधिकारियों के साथ ज्वैलर्स की मीटिंग हुई। इसमें मुख्य मुद्दा मेकिंग चार्जेज और इसी से उपजे विवाद पर केंद्रित बताया जा रहा है।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *