प्रदेश कार्यसमिति सदस्य को विदिशा भाजपा जिलाध्यक्ष का नोटिस:आरोप- सोशल मीडिया पर विधायक और पार्टी के खिलाफ टिप्पणियां कर रहे

विदिशा में भारतीय जनता पार्टी के भीतर जारी आपसी टकराव ने जिले की राजनीति में हलचल बढ़ा दी है। भाजपा जिला अध्यक्ष महाराज सिंह दांगी डाबरी ने गुरुवार को प्रदेश कार्यसमिति सदस्य मनोज कटारे को नोटिस जारी किया है। सोशल मीडिया पर यह नोटिस वायरल होने के बाद राजनीतिक गलियारों में चर्चाएं तेज हो गई हैं। जिला अध्यक्ष द्वारा जारी नोटिस में आरोप लगाया गया है कि मनोज कटारे लगातार सोशल मीडिया पर भाजपा विधायक, नगर पालिका अध्यक्ष और पार्टी संगठन के खिलाफ अनुचित टिप्पणियां कर रहे हैं। इन टिप्पणियों से पार्टी पदाधिकारी आहत हैं और आम जनता के बीच संगठन की छवि भी प्रभावित हो रही है। राजनीतिक हलकों में चर्चा है कि इससे पहले भी जिला अध्यक्ष ने नगर पालिका अध्यक्ष और जिला पंचायत अध्यक्ष को इसी तरह के नोटिस जारी किए थे। हालांकि, एक विरोधाभासी स्थिति भी सामने आई है। विदिशा नगर पालिका के भाजपा पार्षद पिछले लगभग एक महीने से धरने पर बैठे हैं। वे विधायक, नपा अध्यक्ष और शासन-प्रशासन पर भ्रष्टाचार के गंभीर आरोप लगा रहे हैं। इसके बावजूद, जिला अध्यक्ष न तो धरना स्थल पर पहुंचे और न ही अब तक इन पार्षदों पर कोई संगठनात्मक कार्रवाई की गई है। यह स्थिति पार्टी के भीतर दोहरे मापदंडों पर सवाल उठा रही है। कटारे बोले- मुझे जानकारी नहीं
इस पूरे मामले पर प्रदेश कार्यसमिति सदस्य मनोज कटारे ने प्रतिक्रिया देते हुए कहा कि उन्हें नोटिस मिलने की कोई आधिकारिक जानकारी नहीं है। उन्होंने बताया कि उन्हें कुछ लोगों के माध्यम से ही इस बारे में पता चला है। वहीं, नोटिस को लेकर भाजपा जिला अध्यक्ष महाराज सिंह दांगी डाबरी से संपर्क करने का प्रयास किया गया, लेकिन उनका फोन नहीं उठ सका।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *