कटनी शहर में कानून व्यवस्था मजबूत करने और बढ़ते अपराधों पर अंकुश लगाने के लिए पुलिस ने कार्रवाई की है। सीएसपी नेहा पच्चीसिया और कोतवाली थाना प्रभारी राखी पांडे ने गुरुवार देर रात दल-बल के साथ स्टेशन क्षेत्र के होटलों और सार्वजनिक स्थलों पर दबिश दी। पुलिस को लंबे समय से शिकायतें मिल रही थीं कि स्टेशन चौराहा और आसपास की दुकानों के पास लोग खुलेआम शराब का सेवन करते हैं, जिससे आम नागरिकों और यात्रियों को असुविधा होती है। इन शिकायतों की पुष्टि के लिए पुलिस टीम ने स्टेशन चौराहा, स्टेशन बार और ईश्वर कॉम्प्लेक्स स्थित दुकानों पर छापामार कार्रवाई की। नियमों का उल्लंघन करने वालों को पुलिस ने सख्त चेतावनी दी और भविष्य में कड़ी वैधानिक कार्रवाई की बात कही। होटलों में बाहरी मेहमानों की आईडी अनिवार्य सीएसपी नेहा पच्चीसिया ने स्टेशन के समीप स्थित सम्राट स्वरागनी सहित अन्य प्रमुख होटलों का बारीकी से निरीक्षण किया। उन्होंने होटल संचालकों और मैनेजरों को स्पष्ट निर्देश दिए कि बाहर से आने वाले प्रत्येक व्यक्ति की पूरी जानकारी और पहचान पत्र अनिवार्य रूप से जमा किया जाए। इसके अलावा, होटल में रुकने वाले मुसाफिरों की दैनिक सूची प्रतिदिन संबंधित थाने में भेजी जाए। यदि कोई व्यक्ति लंबे समय से होटल में ठहरा हुआ है, तो उसकी विशेष सूचना तत्काल पुलिस को दी जाए। पुलिस अधिकारियों ने होटल मालिकों को कड़ी चेतावनी दी कि यदि होटल में ठहरने वाला कोई भी व्यक्ति किसी भी प्रकार की अवैध या आपराधिक गतिविधि में संलिप्त पाया जाता है, तो इसके लिए होटल संचालक और मैनेजर भी बराबर के जिम्मेदार माने जाएंगे। ऐसी स्थिति में उनके खिलाफ भी सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी। कानून व्यवस्था को पुख्ता करने के उद्देश्य से सीएसपी नेहा पच्चीसिया और थाना प्रभारी राखी पांडे रात करीब 10 बजे तक स्वयं मौके पर मौजूद रहीं।


