गुना में चोरी करने वाले पंजाब से पकड़ाए:सूने मकान से चुराए थे सोने के गहने और कैश; CCTV से क्लू मिला फिर लुधियाना पहुंची पुलिस

गुना शहर के कैंट इलाके की द्वारकाधीश कॉलोनी में हुई चोरी का पुलिस ने खुलासा कर दिया है। पुलिस ने पंजाब से तीन चोरों को गिरफ्तार किया है। उनके कब्जे से चोरी किए गए लगभग तीन लाख के गहने भी बरामद किए हैं। आरोपियों पर कई केस पहले से दर्ज हैं। 2 दिसंबर को सूने घर से कैश और गहने चुराए थे
बता दें कि जुगल किशोर ठाकुर, निवासी द्वारकाधीश टाउनशिप के द्वारा 2 दिसंबर को कैंट थाने में शिकायत दर्ज कराई थी। उन्होंने बताया था कि 2 दिसंबर की दोपहर में किन्ही अज्ञात चोरों द्वारा उसके सूने घर के ताले तोड़कर करीबन 50 हजार रुपये नगदी, दो मंगलसूत्र, लक्ष्मी-कुवेर जी की चांदी की मूर्ती एवं सोने की दो छोटी चैन, चार अंगूठी और गुल्लक तोडकर उसमें रखे करीबन 20 हजार रुपये चोरी कर लिए हैं। उनकी शिकायत पर पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू की। CSP प्रियंका मिश्रा ने बताया कि चोरी के मामले का जल्द खुलासा करने के लिए कैंट थाना प्रभारी TI अनूप कुमार भार्गव के नेतृत्व में पुलिस की विशेष टीम गठित की गई। टीम द्वारा प्रकरण में कार्रवाई करते हुए अज्ञात आरोपियों की पहचान के निरंतर प्रयास किए गए। इसके लिए अपना मुखबिर तंत्र सक्रिय किया और तकनीकी संसाधनों का उपयोग करते हुए अज्ञात आरोपियों की पहचान की कोशिश की गई। तीन बिहार और एक पंजाब का रहने वाला
चोरी के अज्ञात आरोपियों की पहचान जसवीर सिंह जाट निवासी लुधियाना पंजाब, राजेश शाह निवासी छपरा बिहार, वीरेन्द्र पासवान छपरा बिहार और राजू जाट निवासी छपरा बिहार के रूप कर ली गई। आरोपियों की पहचान के बाद पुलिस की टीमें पंजाब, हरियाणा और बिहार के लिए रवाना की गईं। CSP ने बताया कि पुलिस टीमों द्वारा आरोपियों की तलाश में उनके पते ठिकानों पर दबिशें दी गईं। अपने अथक प्रयासों के बाद तीन आरोपियों जसवीर उर्फ जस्सी पुत्र प्रीतम सिंह जाट उम्र 57 वर्ष निवासी एलआईजी फ्लेट डुगरी थाने के पीछे लुधियाना पंजाब, राजेश पुत्र पारस शाह उम्र 54 वर्ष निवासी ग्राम सिमरिया थाना मढौरा जिला छपरा और राजू पुत्र जसपाल सिंह जाट निवासी वशिष्ट कालोनी मोहननगर छपरा बिहार को गिरफ्तार कर लिया गया। पुलिस ने उनके कब्जे से चोरी गए पूरे आभूषण बरामद किए गए है। साथ ही घटना में इस्तेमाल की गई स्विफ्ट कार क्रमांक PB-13-BJ-5253 को भी जप्त किया गया है। चौथे आरोपी की तलाश की जा रही है। आरोपियों पर पहले से कई मामले दर्ज
गिरफ्तार आरोपी शातिर अंतर्राज्यीय बदमाश है जिनके विरूद्ध पूर्व से झांसी के थाना सीपरी बाजार, झांसी कोतवाली थाना, राजस्थान के थाना सदर दौसा, थाना डुगरी सहित लुधियाना पंजाब, चंडीगढ़, कुरुक्षेत्र हरियाणा आदि कई राज्यों में कई अपराध दर्ज होना पाए हैं। कैंट पुलिस ने बताया कि SP अंकित सोनी के निर्देशन में गुना पुलिस द्वारा जिले में संपत्ति संबंधी अपराधों में कार्यवाहियां कर इन अपराधों के आये दिन खुलासे किये जा रहे हैं। इसी क्रम में ASP मानसिंह ठाकुर के मार्गदर्शन और सीएसपी गुना प्रियंका मिश्रा के नेतृत्व में कैंट थाना प्रभारी TI अनूप कुमार भार्गव और उनकी टीम द्वारा द्वारकाधीश कॉलोनी में हुई चोरी के मामले का खुलासा कर दिया है।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *