एक साल से विधानसभा के सदस्यों आैर पूर्व सदस्यों को नहीं मिल रहा कूपन पिछले एक साल से रेलवे द्वारा झारखंड विधानसभा के सदस्यों आैर पूर्व सदस्यों को रेल ट्रैवल कूपन नहीं दिया जा रहा है। इसे लेकर झारखंड विधानसभा के स्पीकर रबींद्र नाथ महतो ने शुक्रवार को बैठक बुलाई। बैठक में साउथ इस्टर्न रेलवे के पदाधिकारियों ने भाग लिया। स्पीकर ने विधानसभा के सदस्यों व पूर्व सदस्यों को देय सुविधा के तहत रेल ट्रैवल कूपन (आरटीसी) एक साल से उपलब्ध नहीं कराए जाने के कारण होने वाली परेशानी से रेल अफसरों को अवगत कराया, साथ ही कड़ी आपत्ति दर्ज कराई। स्पीकर ने कहा कि इस कारण विधायकों और पूर्व विधायकों को रेल यात्रा करने में काफी परेशानी हो रही है। यह भी बताया कि सभा सचिवालय द्वारा दिसंबर 2023 में ही एक करोड़ रुपए के रेल ट्रैवल कूपन की मांग की गई थी, लेकिन साउथ इस्टर्न रेलवे ने कूपन अब तक उपलब्ध नहीं कराया है। बैठक में शामिल साउथ इस्टर्न रेलवे के डिप्टी चीफ कॉमर्शियल मैनेजर अर्जुन मजूमदार ने कहा कि कॉमर्शियल जोन के रेलवे मुद्रणालय बंद हो जाने के कारण रेलवे कूपन मुद्रण में देरी हो रही है। वैकल्पिक व्यवस्था के तहत कूपन का मुद्रण कराए जाने की प्रक्रिया पूरी की जा चुकी है। इसलिए 45 दिनों के अंदर सभा सचिवालय को रेलवे कूपन उपलब्ध करा दिया जाएगा। बैठक में रेलवे की आेर से आरक्षण पर्यवेक्षक अनिल कुमार सिंह व अन्य पदाधिकारी शामिल हुए। विधानसभा की वेबसाइट में आई तकनीकी समस्या को तत्काल दूर करें : इधर, स्पीकर रबींद्र नाथ महतो ने झारखंड विधानसभा की वेबसाइट में आई तकनीकी समस्या को लेकर एनआईसी व जैप आईटी के अधिकारियों के साथ बैठक की। जिसमें विधानसभा की वेबसाइट में आई तकनीकी समस्या का अतिशीघ्र निदान करने का निर्देश दिया।


