राजसमंद जिले के कुंवारिया थाना क्षेत्र के खंडेल गांव से जुड़े एक आपत्तिजनक वीडियो के सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद इलाके में तनाव का माहौल बन गया। वीडियो सामने आते ही हिंदू संगठनों और संत समाज में भारी आक्रोश फैल गया। धारदार हथियार से मवेशी की हत्या का आरोप वीडियो में खंडेल निवासी रतनलाल बागरिया धारदार हथियार से मवेशी की हत्या करते हुए फिल्मी डायलॉग बोलता नजर आया। वीडियो में उसके साथ तीन युवक और एक युवती के मौजूद होने की भी बात सामने आई। वीडियो के सामने होते ही लोगों में गुस्सा भड़क उठा। चौराहे पर जुटी भीड़, गिरफ्तारी की मांग गुरुवार दोपहर करीब 12 बजे से खंडेल चौराहे पर सैकड़ों युवाओं की भीड़ जमा हो गई। प्रदर्शनकारियों ने नारेबाजी करते हुए आरोपी रतनलाल बागरिया और उसके सहयोगियों की तत्काल गिरफ्तारी तथा उनके खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की। प्रदर्शन के चलते क्षेत्र में तनाव की स्थिति बन गई। पुलिस और प्रशासन मौके पर पहुंचा सूचना मिलने पर कुंवारिया थाना अधिकारी सीआई रामचंद्र कुमावत पुलिस जाप्ते के साथ मौके पर पहुंचे। हालांकि प्रदर्शनकारी अपनी मांगों पर अड़े रहे। हालात की गंभीरता को देखते हुए राजसमंद डीएसपी नेत्रपाल सिंह अतिरिक्त पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और प्रदर्शनकारियों से समझाइश की। आरोपी पर 11 प्रकरण दर्ज, अतिक्रमण भी हटवाया डीएसपी नेत्रपाल सिंह ने बताया कि आरोपी रतनलाल बागरिया के खिलाफ चोरी सहित करीब 11 प्रकरण दर्ज हैं और वह पिछले करीब छह माह से फरार चल रहा है। प्रशासन की मौजूदगी में आरोपी के परिवार द्वारा गांव में किए गए अतिक्रमण को भी हटवाया गया। वीडियो गंगापुर थाना क्षेत्र का बताया डीएसपी नेत्रपाल सिंह के अनुसार वायरल वीडियो 9 सितंबर का है, जो गंगापुर थाना सर्कल के पोटला गांव का बताया जा रहा है। वहां आरोपी के मामा के यहां पाड़ा काटा गया था, जिसका वीडियो बनाया गया। मामला गंगापुर थाना क्षेत्र का होने के कारण संबंधित पुलिस को इसकी सूचना दे दी गई है। पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी हुई है।


