डिंडोरी में जिला पंचायत के मुख्य गेट पर ताला लगा दिया गया है। सुरक्षा कारणों से कदम उठाया गया है। गेट पर पुलिस और तहसीलदार तैनात किए गए हैं। यह कार्रवाई जिला पंचायत अध्यक्ष रुदेश परस्ते और सीईओ के बीच चल रहे विवाद के बीच हुई है। एसडीएम भारती मरावी ने बताया कि जिला पंचायत अध्यक्ष ने धरना प्रदर्शन की अनुमति मांगी थी, जिसे प्रशासन ने निरस्त कर दिया है। उन्होंने स्पष्ट किया कि जिला पंचायत परिसर में किसी भी अवांछित व्यक्ति के प्रवेश को रोकने के लिए सुरक्षा व्यवस्था बढ़ाई गई है। प्रशासन ने अनुमति निरस्त की, सुरक्षा बढ़ाई सुबह 11 बजकर 20 मिनट पर जिला पंचायत अध्यक्ष रुदेश परस्ते गाड़ी से जिला पंचायत पहुंचे और उन्हें अंदर जाने दिया गया। पिछले दो-तीन दिनों से अध्यक्ष ‘एक बगिया मां के नाम’ योजना में भ्रष्टाचार का आरोप लगाते हुए अपने समर्थकों के साथ धरना प्रदर्शन कर रहे हैं। इन्हीं घटनाक्रमों के मद्देनजर प्रशासन ने कलेक्ट्रेट और जिला पंचायत परिसर दोनों की सुरक्षा व्यवस्था बढ़ा दी है। परिसर में प्रवेश केवल कार्ड देखकर ही दिया जा रहा है।


