अलवर के शिवाजी पार्क थाना पुलिस ने कांग्रेस नेता संदीप ओला पर हुए हमले के मामले में पूर्व मंत्री हेमसिंह भडाणा के बेटे सुरेंद्र भडाणा और उसके दो साथियों को धारा 151 में गिरफ्तार किया है। तीनों आरोपियों को शुक्रवार को न्यायालय में पेश किया जाएगा। दरअसल, गुरुवार दोपहर करीब साढ़े 12 बजे सुरेंद्र भडाणा ने फोन कर कांग्रेस नेता संदीप ओला को हासन खां पेट्रोल पंप पर बुलाया था। वहां उसने शराब पीने के लिए पैसे मांगे। जब संदीप ओला ने पैसे देने से मना कर दिया, तो सुरेंद्र ने अपने साथियों के साथ मिलकर लाठी-डंडों से उन पर हमला कर दिया। हमले में संदीप ओला बेहोश हो गए, जिन्हें आरोपी मौके पर छोड़कर फरार हो गए। इसके बाद वहां से गुजर रहे एक कार चालक ने संदीप ओला को जिला अस्पताल पहुंचाया। हमले में संदीप ओला के हाथ, पैर और नाक पर चोटें आईं। होश में आने के बाद उन्होंने शिवाजी पार्क थाने में सूचना दी। सूचना मिलने पर पुलिस अस्पताल पहुंची, पीड़ित के बयान दर्ज किए और शाम को रिपोर्ट दर्ज कर आरोपियों की तलाश शुरू की। पुलिस ने मुख्य आरोपी सुरेंद्र भडाणा को उसके साथियों सहित किशनगढ़बास क्षेत्र से दस्तयाब किया। फिलहाल पुलिस ने तीनों आरोपियों को धारा 151 में गिरफ्तार किया है। आगे की कार्रवाई पीड़ित की मेडिकल रिपोर्ट आने के बाद की जाएगी। एडिशनल एसपी गोपीनाथ शरण कांबले ने बताया कि इस मामले में मुख्य आरोपी सुरेंद्र भडाणा सहित उसके कई साथियों को गिरफ्तार कर लिया गया है और मामले की जांच जारी है। मेडिकल रिपोर्ट के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी। इस मामले में संदीप ओला ने कुल 5 नामजद और 8 अन्य आरोपियों के खिलाफ रिपोर्ट दी है। नामजद आरोपियों में सुरेंद्र भडाणा, नथ्थू खटीक, सचिन पटेल, सचिन चावड़ा और अज्जू खान शामिल हैं। पुलिस ने मारपीट, लूट और तोड़फोड़ की धाराओं में मामला दर्ज किया है।


