डीडवाना में 25 बीघा भूमि आवंटन पर जताया आभार:गंदे पानी की समस्या समाधान के लिए 12 करोड़ की स्वीकृति की मांग

भाजपा नेता एवं भारतीय खाद्य निगम के निदेशक रामकिशन खीचड़ के नेतृत्व में एक प्रतिनिधिमंडल ने जयपुर में हरियाणा भाजपा प्रभारी व राजस्थान भाजपा के पूर्व प्रदेश अध्यक्ष डॉ. सतीश पूनिया से मुलाकात की।
इस दौरान डीडवाना में गंदे पानी की समस्या के समाधान हेतु 25 बीघा भूमि आवंटन पर आभार व्यक्त किया गया और 12 करोड़ रुपए के बजट की स्वीकृति की मांग की गई। रामाकिशन खीचड़ ने बताया कि वीर तेजाजी महाराज मंदिर परिसर, ऐतिहासिक पशु मेला मैदान तथा नागौर रोड स्थित आवासीय कॉलोनी में सीवरेज के गंदे पानी के भराव की समस्या वर्षों से गंभीर बनी हुई है। दूषित पानी घरों में घुस रहा है, पशु मेला परिसर जलभराव से प्रभावित है और सरकारी कार्यालय भी इसकी चपेट में आ रहे हैं।
खीचड़ ने जानकारी दी कि हाल ही में वीर तेजाजी मंदिर में आयोजित तेजा गायन कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में पधारे डॉ. सतीश पूनिया को इस समस्या से अवगत कराया गया था। इसके बाद डॉ. पूनिया ने मुख्यमंत्री, नगरीय विकास मंत्री तथा जिला प्रशासन से समन्वय कर समाधान की दिशा में पहल की। उनके आग्रह पर जिला कलेक्टर महेंद्र खड़गावत ने नेनूपुरा क्षेत्र में तत्काल 25 बीघा भूमि आवंटित की। इस भूमि पर गंदे पानी के उपचार हेतु एक बांध बनाया जाएगा। इससे उपचारित पानी किसानों को सिंचाई के लिए उपलब्ध हो सकेगा, जिससे कृषि क्षेत्र को भी लाभ मिलेगा।
डॉ. पूनिया ने कलेक्टर से फोन पर बात कर भूमि आवंटन के लिए आभार व्यक्त किया और समस्या समाधान के प्रयासों की सराहना की। उन्होंने यह भी बताया कि भाजपा नेता जितेंद्र सिंह जोधा एवं भाजपा की पूरी टीम इस मुद्दे के स्थायी समाधान के लिए लगातार प्रयासरत है। पूनिया ने इस वर्षों पुरानी समस्या के स्थायी समाधान के लिए मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा, उपमुख्यमंत्री व वित्त मंत्री दीया कुमारी तथा नगरीय विकास मंत्री झाबर सिंह खरा को नगर परिषद डीडवाना द्वारा प्रस्तावित 12 करोड़ रुपए के बजट की स्वीकृति हेतु अवगत कराया है। उन्होंने पत्र लिखकर ऐतिहासिक स्थलों पर जमा गंदे पानी की निकासी एवं समुचित समाधान के लिए शीघ्र बजट स्वीकृत करने की मांग रखी।
इस अवसर पर भाजपा के पूर्व प्रदेश उपाध्यक्ष माधोराम चौधरी, भाजपा नेता अमरचंद जाजड़ा, ज्ञानाराम रणवा, प्रकाश चौधरी लाड़वा, बन्नाराम बाना, रामेश्वर छाबा, नानूराम मेघवाल, धर्मेंद्र चौधरी सहित अन्य कार्यकर्ता उपस्थित रहे।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *