वन विभाग ने बालोतरा में दिया पर्यावरण संरक्षण का संदेश:चित्रकला प्रतियोगिता और रैली के माध्यम से छात्रों को किया जागरूक

वन विभाग ने राज्य सरकार के दो वर्ष पूरे होने के उपलक्ष्य में बालोतरा और सिणधरी क्षेत्र में पर्यावरण जागरूकता कार्यक्रमों का आयोजन किया। इन कार्यक्रमों का उद्देश्य छात्रों और आमजन को प्रकृति से जोड़ने और पर्यावरण संरक्षण के प्रति संकल्प दिलाना था। बालोतरा के बिठूजा स्थित राजकीय उच्च माध्यमिक स्कूल में वन विभाग ने पर्यावरण संरक्षण विषय पर एक चित्रकला प्रतियोगिता आयोजित की। इसमें लगभग 210 छात्र-छात्राओं ने भाग लिया। छात्रों ने जल संरक्षण, वन्यजीव सुरक्षा और स्वच्छ भारत जैसे विषयों पर चित्र बनाए। उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले विजेताओं को अतिथियों द्वारा पुरस्कृत किया गया। सहायक वन संरक्षक अरविंद सिंह राठौड़ और क्षेत्रीय वन अधिकारी चन्द्र दान रतनू ने इस अवसर पर कहा कि जलवायु परिवर्तन के इस दौर में वृक्षारोपण और जल संरक्षण ही भविष्य की सुरक्षा है। स्कूल से वन विभाग की नर्सरी तक एक रैली भी निकाली गई, जिसमें बच्चों ने नारों के माध्यम से ग्रामीणों को जागरूक किया। नर्सरी प्रभारी कांता ने बच्चों को पौधे तैयार करने की तकनीकी जानकारी दी। इस दौरान स्कूल के प्रधानाचार्य जितेंद्र पालीवाल और सरपंच किशना राम ने छात्रों को पर्यावरण का रक्षक बनने की शपथ दिलाई। सिणधरी रेंज में भी सरकार के दो वर्ष पूर्ण होने पर विशेष कार्यक्रम आयोजित किए गए। सिणधरी स्थित नर्सरी में आयोजित कार्यक्रम में भाजपा मंडल अध्यक्ष पुखराज सोनी मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। विभिन्न स्कूलों के लगभग 250 छात्रों ने नर्सरी का भ्रमण किया और वन विभाग की कार्यप्रणाली को समझा। मुख्य अतिथि पुखराज सोनी, स्थानीय सरपंच और रेंजर ने नर्सरी व प्लांटेशन का बारीकी से निरीक्षण किया। सोनी ने वन विभाग द्वारा किए जा रहे पौधारोपण कार्यों की सराहना करते हुए इसे जन-आंदोलन बनाने की बात कही। यहां भी बच्चों के लिए पर्यावरण विषय पर प्रतियोगिताएं आयोजित कर उन्हें प्रोत्साहित किया गया।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *