विदिशा में नपा पार्षदों का धरना 38वें दिन भी जारी:भ्रष्ट कर्मचारियों पर सहमति के बाद अस्थायी स्थगन, सड़क निर्माण का आश्वासन

विदिशा में नगर पालिका पार्षदों और उनके प्रतिनिधियों का धरना 38वें दिन भी जारी है। विभिन्न मांगों को लेकर गांधी चौक पर बैठे पार्षदों की नपा अध्यक्ष प्रतिनिधि राकेश शर्मा के साथ बैठक हुई। इस बैठक में कुछ कथित भ्रष्ट कर्मचारियों को हटाने पर सहमति बनी, जिसके बाद धरने को अस्थायी रूप से स्थगित करने का निर्णय लिया गया। पार्षद और उनके प्रतिनिधि एक माह से अधिक समय से 14 सूत्रीय मांगों को लेकर धरने पर बैठे हैं। उनकी प्रमुख मांगों में सीएमओ दुर्गेश सिंह ठाकुर का तबादला और अन्य कथित भ्रष्ट कर्मचारियों को हटाना शामिल है। पार्षदों का आरोप है कि जिन कर्मचारियों के तबादले और शाखा परिवर्तन का प्रस्ताव पीआईसी बैठक में पारित हो चुका है, वे अब भी उसी विभाग में कार्यरत हैं। धरना समाप्त कराने के उद्देश्य से आयोजित इस बैठक में सीएमओ दुर्गेश सिंह ठाकुर, नपा अध्यक्ष प्रतिनिधि राकेश शर्मा और भाजपा के वरिष्ठ नेता श्याम सुंदर शर्मा सहित धरना दे रहे पार्षद प्रतिनिधि मौजूद थे। सीएमओ के तबादले के मुद्दे पर पार्षदों का रुख नरम पड़ा, लेकिन अन्य कर्मचारियों को हटाने की मांग पर वे अड़े रहे। पार्षद प्रतिनिधि धर्मेंद्र सक्सेना ने बताया कि बैठक में यह आश्वासन दिया गया है कि शुक्रवार को संबंधित कर्मचारियों को हटा दिया जाएगा। साथ ही, शनिवार से शहर में सड़क निर्माण कार्य भी शुरू होगा। पहले माधवगंज से रामलीला की ओर सड़क निर्माण की बात थी, लेकिन अब रामलीला से माधवगंज चौराहे की ओर से डामरीकरण शुरू करने का निर्णय लिया गया है। सक्सेना ने स्पष्ट किया कि शनिवार से सड़क निर्माण शुरू होने के बाद भी धरना समाप्त नहीं होगा, बल्कि केवल स्थगित किया जाएगा। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि शहर की सभी जर्जर सड़कों का निर्माण कार्य पूरा नहीं किया गया या निर्माण कार्य को रोका गया, तो सभी पार्षद पुनः धरना शुरू कर देंगे।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *