फाइनेंस कंपनी के 1.04 लाख गबन करने वाला आरोपी गिरफ्तार:ग्राहकों से पैसे लेकर कंपनी में जमा नहीं किए; पुलिस ने 17 महीने बाद अशोकनगर से पकड़ा

गुना शहर की कोतवाली पुलिस ने फाइनेंस कंपनी के पैसों के गबन के मामले में एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। आरोपी ने ग्राहकों से पैसे ले लिए, लेकिन कंपनी में जमा नहीं कराए थे। आरोपी ने लगभग 1.04 लाख का गबन किया था। वह पिछले 17 महीनों से फरार चल रहा था। कोतवाली पुलिस ने बताया कि SP अंकित सोनी के निर्देशन में गुना पुलिस द्वारा जिले में ठगी, धोखाधड़ी, गबन जैसे आर्थिक अपराधों के मामलों में लगातार कार्यवाहियां की जा रही हैं। इसी क्रम में ASP मानसिंह ठाकुर के मार्गदर्शन और सीएसपी गुना प्रियंका मिश्रा के नेतृत्व में गुना कोतवाली पुलिस ने फ्रॉड के आरोपी को पकड़ा है। ग्राहकों से पैसे लेकर कंपनी में नहीं करता था जमा
विनय शर्मा (चोलामंडलम फाइनेंस कंपनी गुना) ने 5 जुलाई 2024 को कोतवाली थाने में शिकायत दर्ज कराई थी। उन्होंने बताया था कि कंपनी के कर्मचारी प्रमोद रघुवंशी द्वारा बैंक खातेदारों की 1,04,056 रूपये की राशि का गबन किया है। उनकी शिकायत पर पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू की। 1 लाख रुपए का किया गबन
मामले की जांच में यह सामने आया कि आरोपी प्रमोद रघुवंशी के द्वारा कंपनी के फायनेंस खातेदारों से कुल राशि 1,04,056 रुपए एकत्रित कर लिए। उन पैसों को बैंक में जमा न कर अपने लिए इस्तेमाल कर लिया। प्रकरण में आरोपी घटना दिनांक से ही फरार चल रहा था। गुना कोतवाली पुलिस द्वारा आरोपी की गिरफ्तारी के लिए लगातार संभावित ठिकानों पर दबिश दी जा रही थी। इसी क्रम में पुलिस की विशेष टीम गठित कर सक्रिय की गई। पुलिस टीम द्वारा कार्यवाही करते हुए फरार आरोपी प्रमोद रघुवंशी की तलाश की गई। साथ ही अपने मुखबिर और तकनीकी संसाधनों की मदद लेकर संकलित जानकारी के आधार पर संभावित जगहों पर निरंतर दबिशें दी गईं। इसी क्रम में फरार आरोपी के अशोकनगर में होने के संबंध में मुखबिर से सूचना मिलने पर पुलिस टीम ने दबिश दी। पुलिस ने आरोपी प्रमोद पुत्र ब्रजेंद्र उर्फ विजेन्द्र रघुवंशी उम्र 32 साल निवासी ग्राम बमूरिया थाना देहात जिला अशोकनगर को गिरफ्तार कर लिया गया।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *