कटनी में परिवहन विभाग ने नियमों का उल्लंघन करने वाले वाहन मालिकों और चालकों के खिलाफ विशेष अभियान चलाया। छह दिवसीय इस अभियान के दौरान 23 वाहनों पर कार्रवाई करते हुए 1,97,820 रुपये का शमन शुल्क वसूला गया। जिला परिवहन अधिकारी संतोष पॉल ने शुक्रवार को बताया कि परिवहन आयुक्त के निर्देश और कलेक्टर के मार्गदर्शन में यह सघन चेकिंग अभियान 13 दिसंबर से 18 दिसंबर 2025 तक जिले के विभिन्न मार्गों पर चलाया गया। अभियान का मुख्य उद्देश्य सड़क सुरक्षा सुनिश्चित करना और बिना वैध दस्तावेज, परमिट या टैक्स चुकाए चल रहे वाहनों पर अंकुश लगाना था। परिवहन विभाग की टीम ने कटनी-मैहर और कटनी-जबलपुर जैसे व्यस्त मार्गों पर जांच की। कुल 138 वाहनों को रोककर उनके दस्तावेजों की बारीकी से पड़ताल की गई। इनमें से 23 वाहनों में गंभीर अनियमितताएं पाई गईं, जिन पर तत्काल शमन शुल्क लगाया गया। कटनी-मैहर मार्ग पर थाना कुठला क्षेत्र में सबसे अधिक जुर्माना राशि वसूल की गई। इस मार्ग पर जिन वाहनों पर जुर्माना लगाया गया, उनमें DL1LR9214 पर ₹39,160, MP21G0957 पर ₹34,160, MP20ZE5917 पर ₹18,000 और MH40DL2902 पर ₹10,000 शामिल हैं। कटनी-जबलपुर मार्ग पर यातायात थाना क्षेत्र में भी भारी वाहनों और यात्री वाहनों पर कार्रवाई की गई। इनमें UP14DT7333 पर ₹15,000, MP21R5003 पर ₹15,000, MP20GA5841 पर ₹10,000 और MP21R3011 पर ₹10,000 का जुर्माना लगाया गया। अभियान के दौरान कुल 6 वाहन जब्त भी किए गए। इनमें कटनी-जबलपुर मार्ग पर बिना वैध परमिट के चल रही बस क्रमांक RJ27PB2806 को जब्त कर आरटीओ कार्यालय में खड़ा कराया गया। नियमों का उल्लंघन करने पर एक ऑटो रिक्शा को भी जब्त किया गया। यह अभियान आगे भी निरंतर जारी रहेगा। हमारा उद्देश्य राजस्व वसूली के साथ-साथ सड़क दुर्घटनाओं में कमी लाना है। वाहन मालिक अपने दस्तावेजों को पूर्ण रखें, अन्यथा कड़ी वैधानिक कार्यवाही की जाएगी। – संतोष पॉल, जिला परिवहन अधिकारी, कटनी


