चूरू में शुक्रवार को नियमित टीकाकरण और जीरो डोज कार्यक्रम को लेकर एक जनजागरूकता कार्यशाला आयोजित की गई। यह कार्यशाला पंचायत समिति सभागार में यूनिसेफ और अर्पण सेवा संस्थान के संयुक्त तत्वावधान में हुई। इसका मुख्य उद्देश्य समाज में टीकाकरण के प्रति जागरूकता बढ़ाना और बच्चों को समय पर टीके लगवाना सुनिश्चित करना था। कार्यशाला में आरसीएचओ डॉ. राजेश गुप्ता, एसीएमएचओ डॉ. अहसान गौरी और बीसीएमओ डॉ. शशांक चौधरी मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। निरंकारी मिशन से शिवभगवान बजाज, एडवोकेट सद्दाम हुसैन, उस्मान अंसारी और पूर्व पार्षद जगदीश मेघवाल अति विशिष्ट अतिथि थे। अर्पण सेवा संस्थान यूनिसेफ की ब्लॉक समन्वयक रमा शर्मा ने स्वागत भाषण दिया और कार्यशाला के उद्देश्यों पर प्रकाश डाला। आरसीएचओ डॉ. राजेश गुप्ता ने अपने संबोधन में कहा कि नियमित टीकाकरण बच्चों के स्वास्थ्य के लिए एक सुरक्षा कवच है। उन्होंने टीकाकरण को लेकर फैली भ्रांतियों को दूर करने के लिए जन जागरूकता बढ़ाने पर जोर दिया। एसीएमएचओ डॉ. अहसान गौरी ने बताया कि समय पर टीकाकरण न होने से बच्चे गंभीर बीमारियों की चपेट में आ सकते हैं, जबकि समय पर लगाए गए टीके जीवन रक्षक होते हैं। बीसीएमओ डॉ. शशांक चौधरी ने समुदाय के प्रभावशाली व्यक्तियों से अपील की कि वे समाज में टीकाकरण के प्रति सकारात्मक माहौल बनाएं, ताकि शत-प्रतिशत लक्ष्य हासिल किया जा सके। जिला समन्वयक सुभाष निर्वाण ने जीरो डोज की परिभाषा और इसके महत्व को समझाया। उन्होंने इस बात पर जोर दिया कि जन्म के समय किसी भी बच्चे को टीकाकरण से वंचित नहीं रहने देना चाहिए। कार्यशाला का संचालन जिला समन्वयक सुभाष निर्वाण ने किया, जबकि ब्लॉक समन्वयक रमा शर्मा ने सभी का आभार व्यक्त किया।


