धार कोतवाली पुलिस ने हत्या के प्रयास के एक मामले में लंबे समय से फरार चल रहे आरोपी रोहित को शुक्रवार को गिरफ्तार कर लिया। यह मामला 8 जुलाई 2025 का है, जब आरोपी दीपेंद्र देवराज और उसके साथियों ने बस स्टैंड क्षेत्र में राहुल पिता भरत प्रजापत के साथ थार गाड़ी को लेकर विवाद किया था। विवाद के दौरान आरोपियों ने राहुल के साथ मारपीट की, जिससे उसे गंभीर चोटें आईं। फरियादी की रिपोर्ट पर कोतवाली थाना धार में केस दर्ज किया गया था। पीड़ित की गंभीर स्थिति को देखते हुए बाद में केस में अतिरिक्त धारा जोड़ी गई। आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए एक विशेष टीम गठित की गई थी। इस टीम ने इंदौर सहित अन्य स्थानों पर लगातार दबिश दी। पुलिस इस मामले में पहले ही दो आरोपियों को गिरफ्तार कर चुकी थी। फरार आरोपी रोहित पिता मनीष कलावत (उम्र 20 वर्ष, निवासी गुना) को गिरफ्तार कर लिया गया। थाना प्रभारी दीपक सिंह चौहान ने बताया कि शेष फरार आरोपियों की तलाश जारी है और उन्हें जल्द ही गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया जाएगा।


