टीकमगढ़ के देहात थाना क्षेत्र में गड़ा धन खोदने का लालच देकर एक महिला के साथ बड़ी धोखाधड़ी का मामला सामने आया है। ठगों ने खेत में सोना निकलने का झांसा देकर महिला से कुल 72,000 रुपए ऐंठ लिए। पुलिस ने इस मामले में तीन लोगों के खिलाफ केस दर्ज किया है, जिनमें से एक आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया है, जबकि दो अन्य फरार हैं। पीड़ित महिला गुड्डी अहिरवार ने बताया कि उसका खेत नारगुड़ा रोड पर है। 11 नवंबर को किशोरी अहिरवार, अजीज खान और इब्राहिम खान उसके खेत पर आए और दावा किया कि वहां धन गड़ा हुआ है। अगले दिन आरोपियों ने मिट्टी पर निशान लगाकर खुदाई और पूजा-पाठ के नाम पर महिला से 2,000 रुपए लिए। इसके बाद 13 दिसंबर को आरोपियों ने खेत में खुदाई की और एक थैला दिखाकर कहा कि इसमें सोना निकला है, जिसे पूजा के बाद ही खोलना है। किश्तों में वसूले हजारों रुपए, शक होने पर खुला राज ठगों ने डरा-धमकाकर और लालच देकर महिला से 14 दिसंबर को 40 हजार रुपए और 15 दिसंबर को 30 हजार रुपए पूजा के नाम पर वसूले। जब 18 दिसंबर को आरोपी किशोरी अहिरवार तीसरी बार 20 हजार रुपए मांगने पहुंचा, तो महिला को शक हुआ। उसने तुरंत अपने समधी राजकुमार अहिरवार को बुलाया। जब उन्होंने उस थैले को खोलकर देखा, तो उसमें सोने की तरह दिखने वाले 16 बिस्किट मिले। पीतल के निकले बिस्किट, पुलिस ने एक आरोपी को दबोचा संदेह होने पर जब उन बिस्किटों को सुनार गौरव सोनी से चेक करवाया गया, तो पता चला कि वे सभी पीतल के हैं। ठगी का एहसास होते ही महिला ने थाने में शिकायत दर्ज कराई। एसडीओपी राहुल कटरे ने बताया कि आरोपी किशोरी अहिरवार को गिरफ्तार कर लिया है। फरार अजीज और इब्राहिम की तलाश में पुलिस टीमें लगातार छापेमारी कर रही हैं। पुलिस की अपील: अंधविश्वास और लालच से बचें देहात थाना प्रभारी चंद्रजीत यादव ने बताया कि इस गिरोह के बाकी सदस्यों को भी जल्द ही पकड़ लिया जाएगा। पुलिस ने नागरिकों से अपील की है कि वे गड़े धन या जादुई तरीके से पैसा दोगुना करने जैसे झांसों में न आएं। इस तरह के अंधविश्वास का फायदा उठाकर ठग भोले-भाले लोगों को अपना शिकार बनाते हैं। मामले की जांच जारी है ताकि यह पता चल सके कि इन आरोपियों ने और कितने लोगों को अपना निशाना बनाया है।


