अब नए SDM कार्यालय और तहसील जगनपुर में लगेंगे। शुक्रवार को कलेक्टर ने दोनों बिल्डिंगों का लोकार्पण किया। पहले सुंदरकांड का आयोजन किया गया, इसके बाद लोकार्पण हुआ। कलेक्टर किशोर कुमार कन्याल ने आज जगनपुरा स्थित नवनिर्मित एसडीएम कार्यालय तथा शहरी और ग्रामीण तहसील कार्यालय का विधिवत औपचारिक शुभारंभ किया। कार्यक्रम की शुरुआत वैदिक मंत्रोच्चार एवं विधि-विधान से संपन्न पूजा-पाठ के साथ की गई। शुभारंभ के बाद कलेक्टर ने एसडीएम कार्यालय कक्ष, एसडीएम कोर्ट, स्टेनो एवं रीडर कक्ष, तहसील न्यायालय सहित तहसील कार्यालय के विभिन्न कक्षों का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने शुभकामनाएं दीं तथा जनहित में सुचारू, पारदर्शी एवं जवाबदेह कार्य प्रणाली सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। कलेक्टर ने कहा कि नवीन परिसर में पर्याप्त स्थान और सुव्यवस्थित संरचना उपलब्ध होने से अभिलेखों का सुरक्षित और क्रमबद्ध रख-रखाव संभव होगा। इससे आम नागरिकों को राजस्व संबंधी सेवाओं के त्वरित एवं प्रभावी निराकरण में सुविधा मिलेगी। नवीन कार्यालय के शुभारंभ से राजस्व अमले में विशेष उत्साह का माहौल देखने को मिला। इस अवसर पर अपर कलेक्टर अखिलेश जैन, सीईओ जिला पंचायत अभिषेक दुबे, संयुक्त कलेक्टर डॉ संजीव खेमरिया, एसडीएम शिवानी पांडे, डिप्टी कलेक्टर मंजूषा खत्री, तहसीलदार गौरीशंकर बैरवा, तहसीलदार कमल मंडेरिया, कार्यपालन यंत्री पीआईयू केएस उईके सहित राजस्व विभाग के अन्य अधिकारी और कर्मचारी उपस्थित रहे।


