रायकोट में घनी धुंध के कारण एक सड़क हादसा हो गया। मलेरकोटला रोड पर सुबह करीब साढ़े पांच बजे एक अज्ञात तेज रफ्तार वाहन ने पैदल जा रहे बुजुर्ग दंपती को कुचल दिया। इस हादसे में बुजुर्ग व्यक्ति की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि उनकी पत्नी गंभीर रूप से घायल हो गईं। वे पैदल मत्था टेकने गुरुद्वारा साहिब जा रहे थे। थाना सिटी रायकोट पुलिस ने मृतक के बेटे रमनप्रीत सिंह उर्फ रमन की शिकायत पर अज्ञात वाहन चालक के खिलाफ मुकदमा नंबर 113 दर्ज किया है। यह मामला बीएनएस की धाराओं 281, 106, 125-ए और 125-बी के तहत पंजीकृत किया गया है। मामले की जांच एएसआई बूटा खां को सौंपी गई है। पुलिस अधिकारी बूटा खां ने बताया कि पुलिस घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है। हालांकि, घनी धुंध के कारण घटना के समय गुजर रहे वाहनों की नंबर प्लेट स्पष्ट दिखाई नहीं दे रही थी। इससे आरोपी वाहन की पहचान में कठिनाई आ रही है। पुलिस गंभीरता से जांच कर रही है। कैसे हुआ हादसा– टक्कर के बाद वाहन सवार फरार अपने साइड से चल रहे थे लोग: शिकायतकर्ता रमनप्रीत सिंह ने बताया कि वह अपने पिता अवतार सिंह, मां जसवीर कौर, चाची सुखविंदर कौर, ताया की बेटी लक्षप्रीत कौर और मोहल्ले की कुछ अन्य महिलाओं के साथ गुरुद्वारा श्री गुरु तेग बहादुर साहिब में माथा टेकने के लिए पैदल जा रहे थे। सभी लोग मलेरकोटला रोड ड्रेन के पास सड़क से नीचे बाईं ओर चल रहे थे। लापरवाही से चलाते हुए मारी टक्कर, फिर फरार:इसी दौरान, गली नंबर तीन के पास पीछे से आए एक तेज रफ्तार वाहन ने लापरवाही से चलते हुए अवतार सिंह और जसवीर कौर को टक्कर मार दी। टक्कर मारने के बाद चालक वाहन रोकने के बजाय मौके से फरार हो गया। धुंध अधिक होने के कारण वाहन का नंबर नोट नहीं किया जा सका। महिला की हालत गंभीर,रेफर: घटना के बाद, आसपास के लोगों की मदद से दोनों घायलों को रायकोट के एक निजी अस्पताल ले जाया गया। वहां डॉक्टरों ने अवतार सिंह को मृत घोषित कर दिया। रमनप्रीत ने बताया कि उनकी मां जसवीर कौर के नाक और मुंह से अत्यधिक खून बह रहा था, और उनकी हालत गंभीर होने के कारण उन्हें लुधियाना के एक बड़े अस्पताल रेफर किया गया है।


