मानव शरीर में उत्पन्न होने वाले अनेक रोग केवल दिनचर्या या खानपान का परिणाम नहीं होते, बल्कि इनके पीछे ग्रहों की स्थिति भी एक महत्वपूर्ण कारण मानी जाती है। ग्रहों की प्रतिकूल दशा से शरीर की ऊर्जा व्यवस्था प्रभावित होती है, जिससे व्यक्ति गंभीर बीमारियों की चपेट में आ सकता है। चिकित्सा ज्योतिष रोग के कारण, उसकी अवधि और उसके समाधान को समझने में सहायक है। उदयपुर में महाराणा मेवाड़ चैरिटेबल फाउंडेशन के सहयोग से अखिल भारतीय प्राच्य ज्योतिष शोध संस्थान द्वारा आयोजित तीन दिवसीय राष्ट्रीय ज्योतिष शोध संगोष्ठी में देशभर से आए ज्योतिष विद्वानों ने चिकित्सा ज्योतिष पर अपने शोध और अनुभव साझा किए। संगोष्ठी में बताया गया कि मधुमेह, थायरॉइड, हृदय रोग, कैंसर, हड्डियों और मस्तिष्क से जुड़े रोग किसी न किसी ग्रह की दशा से जुड़े होते हैं और इनका समाधान भी ज्योतिषीय उपायों में निहित है। आयोजन सचिव रवि शर्मा ने बताया कि संगोष्ठी के पहले दिन चिकित्सा ज्योतिष विषय पर पत्रवाचन किया गया, जिसमें विद्वानों ने स्वास्थ्य और ग्रहों के संबंध पर विस्तार से प्रकाश डाला। अखिल भारतीय प्राच्य ज्योतिष शोध संस्थान के अध्यक्ष पं. चंद्रशेखर शर्मा ने बताया कि सूर्य की दुर्बल स्थिति से नेत्र और हृदय संबंधी रोग, चंद्रमा से एलर्जी और स्त्री रोग, मंगल से उच्च रक्तचाप और रक्त विकार, बुध से तंत्रिका तंत्र की समस्याएं, बृहस्पति से मोटापा और यकृत रोग, शुक्र से मधुमेह, शनि से कैंसर और पेट के रोग, राहु से त्वचा रोग तथा केतु से गैस, गठिया और मूत्र संबंधी रोग हो सकते हैं। चंद्रमा कमजोर होने से कठिन हो सकता इलाज
सालासर धाम के महंत नरोत्तम पुजारी ने बताया कि यदि कुंडली में चंद्रमा कमजोर हो तो उपचार में कठिनाई आती है, जबकि चंद्रमा बलवान हो और शुभ ग्रहों का सहयोग मिले तो इलाज में शीघ्र लाभ मिलता है। दान, मंत्र, हवन और जल प्रवाह जैसे उपायों से ग्रहों के अशुभ प्रभाव में कमी आती है। डॉ. वीणा माथुर ने टैरो कार्ड से रोगों के डायग्नोसिस पर, डॉ. चंद्र रेखा शर्मा ने रत्नों से बीमारियों के इलाज पर, पंडित विश्वास भट्ट ने जल के द्वारा रोगों का निवारण पर, डॉ. मंजू शर्मा ने पंच तत्व से रोगों का निदान पर, डॉ. सुदेश शा ने जैमिनी ज्योतिष से रोगों के निदान पर और नीलू कच्छारा ने ज्योतिष अनुसार रोगों का निर्धारण व उपाय पर पत्र वाचन किया। पत्र वाचन के उपरांत दोपहर 2 बजे से सिटी पैलेस स्थित खुशमहल चौक में नि:शुल्क ज्योतिष परामर्श शिविर आयोजित किया गया, जिसमें बड़ी संख्या में आमजन ने अपनी ज्योतिष संबंधी समस्याओं का नि:शुल्क समाधान प्राप्त किया। यह नि:शुल्क शिविर शनिवार को भी दोपहर 2 बजे से आयोजित किया जाएगा। इस मौके पर, डॉ. एसएन शर्मा, पुष्पा जोशी, सुरेश त्रिपाठी, राजेन्द्र प्रसाद जैन, नीलू कच्छारा, भाविन बी. देसाई, भानु सारस्वत, चन्द्र रेखा शर्मा, चन्द्रकान्ता कुमावत, नीता शर्मा आदि ज्योतिषगण उपस्थित रहे।


