सांवलियाजी मंदिर में दूसरे राउंड में 4.73 करोड़ की गिनती:दो दिन में सांवलिया जी के भंडार से मिले 16.83 करोड़ रुपए, शनिवार को भी जारी रहेगी गिनती

श्री सांवलिया जी मंदिर में भंडार से प्राप्त दान राशि की गिनती का दूसरा राउंड शुक्रवार को पूरा किया गया। इस दूसरे राउंड में कुल 4 करोड़ 73 लाख 60 हजार रुपए की काउंटिंग की गई। इससे पहले गुरुवार को भंडार खुलने के बाद पहले राउंड में ही 12 करोड़ 10 लाख रुपए की गिनती हो चुकी थी। लगातार दो दिनों तक चली इस प्रक्रिया में बड़ी संख्या में नोटों की गिनती की गई। मंदिर प्रशासन की देखरेख में यह पूरी प्रक्रिया तय नियमों और पूरी सावधानी के साथ की जा रही है, ताकि किसी भी तरह की गलती की संभावना न रहे। दो दिनों की गणना में करोड़ों की दान राशि प्राप्त दो दिन की गिनती के बाद अब तक कुल 16 करोड़ 83 लाख 60 हजार रुपए की दान राशि प्राप्त हो चुकी है। इतनी बड़ी राशि देखकर मंदिर प्रशासन के साथ-साथ श्रद्धालुओं में भी उत्साह है। हर बार की तरह इस बार भी श्री सांवलिया जी के भंडार से बड़ी मात्रा में दान राशि निकल रही है, जो भक्तों की गहरी आस्था को दर्शाती है। प्रशासन का कहना है कि अभी यह अंतिम आंकड़ा नहीं है, क्योंकि आगे भी गिनती के कुछ चरण बाकी हैं। राजभोग आरती के बाद सुबह से शाम तक गिनती चली शुक्रवार को सुबह राजभोग आरती के बाद एक बार फिर काउंटिंग की प्रक्रिया शुरू की गई। यह गिनती सुबह से लेकर शाम तक लगातार चलती रही। कर्मचारियों और अधिकारियों की टीम ने पूरे दिन मेहनत के साथ नोटों की गिनती की। इस दौरान सुरक्षा के भी पुख्ता इंतजाम रहे। सत्संग हॉल में काउंटिंग करने के कारण आज अमावस्या को भी गिनती हुई है। शाम तक काफी मात्रा में राशि की गिनती हो चुकी, लेकिन अभी भी भंडार में बड़ी संख्या में नोट और चिल्लर बाकी हैं, जिनकी गिनती आगे की जाएगी। नोट, चिल्लर, ऑनलाइन राशि और मनी ऑर्डर गिनती बाकी रही मंदिर प्रशासन ने बताया कि फिलहाल सिर्फ नकद राशि की गिनती की जा रही है। अभी भी काफी मात्रा में बड़े-छोटे नोट और चिल्लर गिनना बाकी है, जिसमें समय लगता है। इसके अलावा भक्तों की ओर से मनी ऑर्डर और ऑनलाइन माध्यम से भेजी गई राशि की गिनती भी अभी बाकी है। यह गिनती अंतिम दिन की जाएगी। सोना-चांदी तौल और अगली काउंटिंग शनिवार को फिर होगी नकद राशि के अलावा भंडार और भेंट कक्ष में चढ़ाए गए सोने और चांदी का तौल भी अभी बाकी है। सोने-चांदी के आभूषण और चढ़ावे की गिनती और तौल आखरी दिन ही होगा। मंदिर प्रशासन ने बताया कि अगली काउंटिंग 20 दिसंबर यानी शनिवार को जारी रहेगी। उसी दिन बाकी बची राशि, ऑनलाइन दान और मनी ऑर्डर की गणना पूरी होने की संभावना है। इसके बाद कुल दान राशि का अंतिम आंकड़ा जारी किया जाएगा, जिसका श्रद्धालुओं को इंतजार रहेगा।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *