गुना में जमीनी विवाद में भिड़े दो पक्ष:सरकारी जमीन पर बना रखा है खलिहान; सरपंच पर गुंडे बुलवाकर मारपीट का आरोप

जिले के बमोरी इलाके के सोनखरा गांव में जमीनी विवाद में दो गुटों में संघर्ष हो रहा है। एक जमीन पर एक पक्ष का खलिहान है, जिसमें उनका भूसा रखा हुआ था। इस जमीन पर हाई स्कूल का भवन बनना है। एक पक्ष ने सरपंच और उसके लोगों पर मारपीट के आरोप लगाए हैं। उनका आरोप है कि गुना से गुंडे बुलवाकर उन पर हमला करवाया गया। मिली जानकारी के अनुसार बमोरी इलाके के सोनखरा गांव में हाई स्कूल के लिए जमीन आवंटित की गई है। इस जमीन पर गांव के ही कुछ लोगों का कब्जा था। शुक्रवार दोपहर PWD की टीम मौके पर पहुंची थी और अतिक्रमण हटाया। शंकरलाल धाकड़ के परिवार का भी कुछ जमीन पर कब्जा है। इनका कहना था कि उनकी जमीन पर भूसा रखा हुआ है, इसलिए कुछ दिन की मोहलत दी जाए। PWD की टीम के साथ ही सरपंच, सचिव, रोजगार सहायक भी मौके पर थे। इसी दौरान एक पक्ष ने सरपंच सूरज धाकड़ को धक्का दे दिया। धक्का देते ही विवाद हो गया। आपस में मारपीट भी हो गई। इसके बाद दोनों पक्षों के कुछ लोग थाने पहुंच गए। उधर गांव में फिर से दोनों पक्षों में मारपीट हो गई। इसके वीडियो भी सामने आए हैं, जिनमें कुछ लोग हाथों में डंडे लिए दिख रहे हैं। शंकरलाल धाकड़ के लोगों का आरोप है कि सरपंच ने गुना से गुंडे बुलवाकर मारपीट करवाई। मारपीट में शंकरलाल धाकड़(70) घायल हो गए। परिवार वाले उन्हें लेकर जिला अस्पताल पहुंचे। यहां उन्हें इलाज के लिए भर्ती कराया है। कलेक्टर किशोर कुमार कन्याल भी अस्पताल में एक मीटिंग लेने पहुंचे, जहां पीड़ित परिवार ने उन्हें भी घटना के बारे में जानकारी दी। वहीं एसडीएम शिवानी पांडे सोनखरा गांव पहुंची हैं। उन्होंने बताया कि हाई स्कूल के लिए आरक्षित जमीन को लेकर विवाद हुआ है। मौके पर पहुंचकर वस्तुस्थिति स्पष्ट हो पाएगी। वहीं घायल को जिला अस्पताल से रेफर कर दिया गया है।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *