क्रांति सूर्य टंट्या भील विश्वविद्यालय के आयोजित संभाग स्तरीय पुरुष क्रिकेट प्रतियोगिता का शुक्रवार को बड़वाह के शासकीय कॉलेज नवनिर्मित ग्राउंड पर समापन हुआ। फाइनल मुकाबले में बड़वानी जिले की टीम ने बुरहानपुर को हराकर खिताबी जीत दर्ज की। बुरहानपुर ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 15 ओवरों में 90 रन बनाए थे, जिसे बड़वानी ने आरिश शेख के शानदार अर्धशतक की बदौलत आसानी से हासिल कर लिया। इस प्रतियोगिता में संभाग के पांच जिलों-बड़वानी, अलीराजपुर, खंडवा, खरगोन और बुरहानपुर की टीमों ने हिस्सा लिया था। राज्य स्तरीय टीम का चयन फाइनल मैच के बाद चयन समिति ने खिलाड़ियों के प्रदर्शन के आधार पर विश्वविद्यालय की एक विशेष टीम का गठन किया। पर्यवेक्षक डॉ. विवेक केसरे और समिति के सदस्यों (प्रो. पी.के. पाटिल, डॉ. अविनाश वर्मा, डॉ. अमित अब्राहम और दिलीप डावर) ने बेहतरीन प्रतिभाओं को चुना है, जो अब राज्य स्तरीय क्रिकेट प्रतियोगिता में विश्वविद्यालय का प्रतिनिधित्व करेंगे। इस प्रक्रिया का उद्देश्य संभाग के सर्वश्रेष्ठ खिलाड़ियों को आगे बढ़ने के लिए एक बड़ा मंच प्रदान करना है। गरिमामय समापन और अतिथियों का उत्साहवर्धन प्रतियोगिता के समापन समारोह में जनभागीदारी समिति अध्यक्ष जितेंद्र सुराणा, चंद्रपाल सिंह तोमर और अन्य वरिष्ठ अतिथियों ने शिरकत की और विजेता खिलाड़ियों को पुरस्कृत किया। कार्यक्रम का संचालन डॉ. राजेश पेंढारकर ने किया और प्रो. के.सी. कैथवास ने सभी का आभार व्यक्त किया। इस अवसर पर विभिन्न महाविद्यालयों के टीम मैनेजर और स्टाफ मौजूद रहे, जिन्होंने बड़वाह में तैयार हुए नए क्रिकेट ग्राउंड और सफल आयोजन की सराहना की।


