ग्वालियर में बीमार चीते को देखने पहुंची कूनो की टीम:डॉक्टरों ने जांच के बाद स्वस्थ बताया, 25 दिन से वन क्षेत्र में था

ग्वालियर के बरई पनिहार वन क्षेत्र में घूम रहे एक चीते की तबीयत बिगड़ने की आशंका के बाद कूनो नेशनल पार्क से पशु चिकित्सकों और वन अधिकारियों की एक टीम मौके पर पहुंची। टीम ने चीते का गहन निरीक्षण किया, जिसके बाद उसे स्वस्थ घोषित किया गया। पिछले पांच-छह दिनों से चीते की गतिविधियों में सुस्ती देखी जा रही थी, जिससे वन विभाग और कूनो नेशनल पार्क प्रबंधन सतर्क हो गया था। कूनो की मॉनिटरिंग टीम ने इस संबंध में वरिष्ठ अधिकारियों को सूचित किया था। सूचना मिलने पर गुरुवार दोपहर को कूनो नेशनल पार्क से पशु चिकित्सकों और वन अधिकारियों की टीम बरई पनिहार पहुंची। टीम ने चीते के नजदीक जाकर उसकी गतिविधियों और स्वास्थ्य का बारीकी से निरीक्षण किया। डॉक्टरों के ऑब्जर्वेशन में चीता सामान्य पाया गया और उसमें किसी गंभीर बीमारी या चोट के कोई संकेत नहीं मिले। वन विभाग और कूनो की संयुक्त टीम चीते की गतिविधियों पर लगातार नजर बनाए हुए है। अधिकारियों ने बताया कि फिलहाल चीते की स्थिति सामान्य है और चिंता की कोई बात नहीं है। गौरतलब है कि कूनो नेशनल पार्क से निकलकर चीते ग्वालियर वन क्षेत्र में लगभग 25 दिनों से विचरण कर रहे हैं। पिछले कुछ दिनों से इस क्षेत्र में दो चीते सक्रिय थे। इनमें से एक चीता अभी भी बरई पनिहार क्षेत्र में है, जबकि दूसरा चीता बुधवार सुबह मोहना-घाटीगांव के रास्ते मुरैना जिले की ओर चला गया है।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *