मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने आईएएस अफसरों की सर्विस मीट में आईएएस अफसरों की कार्यशैली पर तंज कसते हुए कहा कि आपको लोग तो चेहरे देख कर समझ जाते हों कि क्या कहने वाले है? इसे कैसे चलाना है। इसके बाद आपके मुंह से ए प्लान, बी प्लान, सी प्लान, डी प्लान ऐसे सुनाई देते हैं कि कोई न कोई तो मान ही लिया जाएगा। भगवान करे ऐसे ही प्लान आते रहें और सही साबित होते रहें। भोपाल में शुक्रवार को मुख्यमंत्री मोहन यादव ने आईएएस सर्विस मीट का शुभारंभ के मौके पर ये बातें कहीं। मुख्यमंत्री ने कार्यक्रम में विलंब से पहुंचने और शीघ्र प्रस्थान करने के लिए भी क्षमा मांगी। इस आयोजन में प्रदेशभर से आईएएस अधिकारी पहुंचे हैं। यह तीन दिवसीय आईएएस सर्विस मीट सभी अधिकारियों की सहभागिता के साथ आयोजित किया जा रहा है। इस मीट में सहायक कलेक्टर से लेकर मुख्य सचिव तक, साथ ही पूर्व आईएएस अधिकारी और उनके परिवारजन भी शामिल हैं। कार्यक्रम के दौरान अधिकारी प्रशासनिक जिम्मेदारियों से हटकर अपनी कला और प्रतिभा का प्रदर्शन करेंगे। अरेरा क्लब में दिनभर और देर रात तक विभिन्न सांस्कृतिक और मनोरंजक कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं। सीएम बोले- लोकतंत्र को सफल बनाने अफसरों की बड़ी भूमिका मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा कि जनता के हित में लिए गए निर्णयों का प्रभावी क्रियान्वयन आईएएस अधिकारी ही चुनौतीपूर्ण परिस्थितियों में करते हैं। अपने आप को दांव पर लगाकर कार्य करने की क्षमता अगर किसी में है, तो वह आईएएस अफसरों में है। उन्होंने कहा कि राजशाही के दौर के बाद आजादी के समय यह आशंका थी कि लोकतंत्र सफल हो पाएगा या नहीं, लेकिन आईएएस अधिकारियों ने लोकतंत्र को सफल बनाकर दिखाया है। डॉ. यादव ने आईएएस अफसरों से कहा कि आपको लोग तो चेहरे देख कर समझ जाते हों कि क्या कहने वाले है? इसे कैसे चलाना है। इसके बाद आपके मुंह से ए प्लान, बी प्लान, सी प्लान, डी प्लान सुनाई देते रहते हैं और ये योजनाएं आती रहनी चाहिए। आप सभी सौभाग्यशाली हैं कि अपनी सेवा के माध्यम से बड़े से बड़ा कार्य कर सकते हैं। निरंतर चुनौतियों का सामना करते-करते आप स्वयं को इस तरह ढाल लेते हैं कि नेताओं के आने-जाने का आप पर कोई प्रभाव नहीं पड़ता। भारत की संवैधानिक व्यवस्था संघीय प्रणाली मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि देश की आजादी के बाद सरदार वल्लभभाई पटेल के प्रयासों से एक सशक्त प्रशासनिक व्यवस्था का निर्माण हो सका। भारतीय प्रशासनिक सेवा के अधिकारियों की भूमिका के कारण ही आज भारत दुनिया के सामने मजबूती से खड़ा दिखाई देता है। प्रशासनिक अधिकारी हर चुनौती का सामना करते हुए देश को निरंतर आगे बढ़ाने का कार्य कर रहे हैं। अनेक विविधताओं के बावजूद यह सेवा तंत्र आज देश में पूरी मजबूती के साथ कार्य कर रहा है। उन्होंने कहा कि राजशाही से प्रजातंत्र की ओर देश को ले जाने में प्रशासनिक अधिकारियों की अहम भूमिका रही है। भारत की संवैधानिक व्यवस्था संघीय प्रणाली पर आधारित है और इसमें प्रदेश के अधिकारियों ने केंद्र और राज्यों के साथ बेहतर समन्वय स्थापित कर राज्य की सकारात्मक छवि बनाई है। मुख्यमंत्री यादव ने कहा कि मध्यप्रदेश एक प्रयोगशाला की तरह है, जहां विभिन्न क्षेत्रों में लगातार नवाचार हुए हैं और इन्हीं नवाचारों का आज देश-दुनिया में अनुसरण किया जा रहा है। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि स्वामी विवेकानंद ने कहा था कि 21वीं सदी भारत की होगी और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के प्रभावी नेतृत्व व मार्गदर्शन में आज यह स्वप्न साकार होता दिखाई दे रहा है। इस अवसर पर आईएएस ऑफिसर्स एसोसिएशन के अध्यक्ष मनु श्रीवास्तव ने कहा कि सर्विस मीट के माध्यम से सीनियर और जूनियर अधिकारी एक-दूसरे को बेहतर ढंग से समझते हैं। सकारात्मक सोच के चलते पिछले कई वर्षों से इस तरह के सफल आयोजन किए जा रहे हैं। तस्वीरों में देखिए सांस्कृतिक कार्यक्रम… रिले रेस में रेड हाउस, वाॅलीबॉल में ग्रीन हाउस जीता आईएएस सर्विस मीट में शुक्रवार को हुए मुकाबलों में रेड हाउस की टीम रिले रेस में चैंपियन बनी। वहीं ग्रीन हाउस की टीम ने वॉलीबॉल का खिताब अपने नाम कर लिया। रेड हाउस की ओर से आरव, नायसा, प्रेमांशु और अविनाश लवानिया रहे। इसी तरह वॉलीबॉल में राहुल, अक्षय और मदन छाए रहे। देखें आयोजन की कुछ तस्वीरें… आखिरी दिन दिए जाएंगे अवार्ड
तीन दिन तक चलने वाली सर्विस मीट के लिए चार हाउस बनाए गए हैं। ये हाउस रेड हाउस, ग्रीन हाउस, ब्लू हाउस और यलो हाउस के रूप में रहेंगे जिसके कैप्टन और वाइस कैप्टन तय कर दिए गए हैं। मीट के आखिरी दिन चार कैटेगरी में अवार्ड दिए जाएंगे। यह अवार्ड मोस्ट क्रियेटिव, बेस्ट प्रजेंटेशन, बेस्ट एंटरटेनमेंट वैल्यू और बेस्ट कोआर्डिनेशन को लेकर दिए जाएंगे। इसके साथ ही 18 साल तक की कम उम्र के आईएएस अफसरों के बच्चों को बेस्ट चाइल्ड आर्टिस्ट और बेस्ट सीनियर आर्टिस्ट के अवार्ड हर हाउस में दिए जाएंगे। एसोसिएशन अध्यक्ष बोले- प्रतिस्पर्धा और उत्साह बढ़ेगा
आईएएस आफिसर्स एसोसिएशन के अध्यक्ष और अपर मुख्य सचिव मनु श्रीवास्तव ने कहा कि सर्विस मीट में फील्ड में पदस्थ अफसरों की भागीदारी को प्रोत्साहित करने और उनके आपसी समन्वय को सुगम बनाने के लिए, आस-पास के संभागों में पदस्थ फील्ड अफसरों को एक समूह में रखा गया है। इस सर्विस मीट के लिए बनाए गए ग्रुप्स के बीच सांस्कृतिक रात्रि सहित विभिन्न कार्यक्रमों में प्रतिस्पर्धा होने से उत्साह और भी बढ़ जाएगा। आयोजन समिति के चेयरपर्सन प्रमुख सचिव पी नरहरि ने कहा है कि वर्ष 2010 में स्थापना के बाद से सर्विस मीट लगातार यादगार बन रही है। इससे एक परिवार के रूप में हमारे बंधन मजबूत हुए हैं, सहयोग को बढ़ावा मिला है, नई मित्रताएं बनी हैं और हमें संजोने लायक पल मिले हैं। भावपूर्ण संगीत, क्विज़ से लेकर जोशपूर्ण खेलों तक, हर एडिशन में सभी के लिए कुछ न कुछ रहा है।


