प्रेम विवाह से नाराज लड़की पक्ष ने घर फूंका:झाबुआ में गृहस्थी का सामान और बाइक जलाई, 3 महिलाओं समेत 8 आरोपी गिरफ्तार

झाबुआ जिले के कल्याणपुरा थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम भगोर में शुक्रवार को प्रेम विवाह को लेकर बवाल हो गया। युवक-युवती के शादी कर लेने की खबर मिलते ही लड़की पक्ष के लोग गुस्सा हो गए और लड़के के घर में जमकर तोड़फोड़ कर आग लगा दी। इस हिंसक घटना में घर का कीमती सामान और बाहर खड़ी बाइक जलकर पूरी तरह राख हो गई। पुलिस ने तीन महिलाओं सहित 8 आरोपियों को पकड़ा है। शादी की खबर मिलते ही भड़का गुस्सा घटना की शुरूआत 10 दिसंबर से हुई थी, जब गांव का एक युवक और युवती लापता हो गए थे। युवती के बालिग होने के कारण पुलिस ने गुमशुदगी दर्ज की थी, लेकिन लड़की पक्ष के दबाव के चलते लड़के का परिवार घर पर ताला लगाकर धार जिले में था। 18 दिसंबर को जैसे ही यह सूचना मिली कि दोनों ने आर्य समाज मंदिर में विवाह कर लिया है और इंदौर के थाने में बयान दर्ज करा दिए हैं, लड़की पक्ष का गुस्सा फूट पड़ा। घर का शटर तोड़कर की आगजनी, लाखों का नुकसान शुक्रवार सुबह लड़की पक्ष के लोगों ने लड़के के बंद मकान पर हमला बोल दिया। उपद्रवियों ने शटर तोड़कर घर के भीतर प्रवेश किया और टीवी, फ्रिज, कूलर, इन्वर्टर और फर्नीचर जैसे कीमती सामान में आग लगा दी। घर के बाहर खड़ी एक बाइक को भी आग के हवाले कर दिया गया। फरियादी मुकेश मनोहरलाल के अनुसार, इस आगजनी में करीब 2 से 3 लाख रुपए का नुकसान हुआ है। सूचना मिलने पर पहुंची पुलिस ने ग्रामीणों की मदद से आग पर काबू पाया। पुलिस ने दर्ज किया केस, आरोपी भेजे गए जेल एसडीपीओ अनुरक्ति साबनानी ने बताया कि हमले में शामिल सभी आठ आरोपियों को हिरासत में ले लिया है। पुलिस ने फरियादी की शिकायत पर भारतीय न्याय संहिता (BNS) की विभिन्न धाराओं के तहत केस दर्ज कर लिया है। फिलहाल गांव में शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए पुलिस बल तैनात है और आरोपियों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की जा रही है।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *