मऊगंज-हनुमना हाईवे पर शुक्रवार शाम माइक्रो सिंचाई परियोजना के पाइपलाइन बिछाने के दौरान एक कर्मचारी पर अचानक एक भारी पाइप गिर गया। इस घटना में कर्मचारी के दोनों पैरों में गंभीर फ्रैक्चर हो गया। उसे इलाज के लिए रीवा मेडिकल कॉलेज रेफर किया गया है। पाइप गिरने से कर्मचारी घायल जानकारी के अनुसार, कर्मचारी राजराखन पटेल, निवासी दुवगवा कुर्मियांन शुक्रवार शाम माइक्रो सिंचाई परियोजना के पाइपलाइन बिछाने का काम कर रहा था। इस दाैरान कर्मचारी के ऊपर अचानक भारी पाइप गिर गया। हादसा मऊगंज-हनुमना हाईवे नंबर 135 पर गैलेक्सी होटल के पास करीब शाम 7:30 बजे हुआ। स्थानीय कर्मचारियों ने बताया कि पाइप का संतुलन बिगड़ने के कारण यह हादसा हुआ। हादसे में राजराखन के दोनों पैरों में फ्रैक्चर हो गया। इस दौरान मौके पर मौजूद अन्य कर्मचारियों में हड़कंप मच गया। गंभीर हालत में रीवा रेफर तत्काल एंबुलेंस बुलाई गई और घायल को सिविल अस्पताल मऊगंज ले जाया गया। डॉक्टरों ने उनका प्राथमिक उपचार किया, लेकिन गंभीर चोटों को देखते हुए उन्हें रीवा मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया गया। डॉक्टरों के अनुसार, घायल की स्थिति गंभीर बनी हुई है। सुरक्षा इंतजाम नहीं होने का आरोप इस घटना के बाद कार्यस्थल पर सुरक्षा उपायों को लेकर सवाल खड़े हो गए हैं। स्थानीय लोगों और कर्मचारियों ने निर्माण कार्य के दौरान पर्याप्त सुरक्षा इंतजाम न होने का आरोप लगाया है। संबंधित विभाग को मामले की जानकारी दे दी गई है और आगे की जांच व कार्रवाई की जा रही है।


