पहल: वरिष्ठ नागरिकों ने बांटे कंबल, ग्रामीणों को दी नशे और कुरीतियों से दूर रहने की सीख

सूरजपुर | ठंड के मौसम में जरूरतमंदों को राहत पहुंचाने के उद्देश्य से वरिष्ठ नागरिक संघ सूरजपुर द्वारा कंबल, शाल व गर्म वस्त्र वितरण का अभियान लगातार जारी है। इसी क्रम में विकासखंड प्रतापपुर अंतर्गत ग्राम पंचायत दरहोरा के कोडाकू बहुल बरती, आसनपारा में संघ द्वारा पांचवां सेवा शिविर आयोजित किया गया। शिविर में जरूरतमंद महिला-पुरुषों, बच्चों व वृद्धजनों को कंबल, शाल, साड़ी, बच्चों के कपड़े, मोजे व टोपी का वितरण किया गया। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि ग्राम पंचायत दरहोरा के सरपंच शेषनाथ सिंह रहे, जबकि अध्यक्षता वरिष्ठ नागरिक संघ सूरजपुर के अध्यक्ष अनिल गोयल ने की। अनिल गोयल ने समाज में व्याप्त मद्यपान, जुआ एवं गुटखा जैसी कुरीतियों पर रोक लगाने की आवश्यकता बताई। उन्होंने अभिभावकों से बच्चों को नियमित शाला भेजने तथा परिवार में प्रेम और संस्कारों को बढ़ावा देने का आह्वान किया। संघ के कोषाध्यक्ष सुशील अग्रवाल ने बताया कि वरिष्ठ नागरिक संघ द्वारा जिला अस्पताल सूरजपुर में प्रतिदिन मरीजों के परिजनों को निःशुल्क नाश्ता वितरित किया जा रहा है। प्रतापपुर के वरिष्ठ नागरिक प्रेमपाल अग्रवाल व गोविंद नामदेव ने भी विचार व्यक्त करते हुए सेवा कार्यों की सराहना की।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *