भास्कर न्यूज | गरियाबंद छुरा विकासखंड के ग्राम पोंड़ में सतनामी समाज द्वारा शिरोमणि गुरु घासीदास जयंती बड़े धूमधाम एवं श्रद्धा के साथ मनाई गई। जयंती समारोह में राजिम विधानसभा क्षेत्र के विधायक रोहित साहू मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए। वहीं अति विशिष्ट अतिथि के रूप में छुरा जनपद पंचायत अध्यक्ष मीरा ठाकुर एवं जिला पंचायत सभापति शिवांगी चतुर्वेदी उपस्थित रहीं। कार्यक्रम में विशिष्ट अतिथि के रूप में जनपद उपाध्यक्ष कुलेश्वर सोनवानी, भाजपा मंडल अध्यक्ष सुमित पारख, ग्राम सरपंच कौशल्या कंवर सहित समाज के गणमान्य नागरिक मौजूद रहे। मुख्य अतिथि विधायक रोहित साहू ने सर्वप्रथम जैतखंभ एवं बाबा गुरु घासीदास जी की पूजा-अर्चना कर क्षेत्रवासियों की सुख-समृद्धि एवं खुशहाली की कामना की। इस अवसर पर अपने संबोधन में उन्होंने कहा कि बाबा गुरु घासीदास ने ऊंच-नीच और भेदभाव को मिटाने के लिए सामाजिक समरसता का संदेश दिया। वे सामाजिक समरसता के अग्रदूत थे।


