700 विद्यार्थी सम्मानित, मंत्री राजपूत बोले- शिक्षा से बढ़ा कोई धन नहीं

सुरखी विधानसभा क्षेत्र के प्रतिभाशाली विद्यार्थियों का सम्मान समारोह महाकवि पद्माकर सभागार में हुआ। इसमें कक्षा-10वीं और 12वीं की बोर्ड परीक्षा में 70% से अधिक अंक अर्जित करने वाले विद्यार्थियों को सम्मानित किया गया। मुख्य अतिथि केबिनेट मंत्री गोविंद सिंह राजपूत ने मेधावी विद्यार्थियों को प्रशस्ति-पत्र एवं सम्मान देकर उनका उत्साहवर्धन किया। राजपूत ने कहा शिक्षा ही समाज और राष्ट्र की प्रगति की सबसे मजबूत नींव है। विद्या से बढ़कर कोई धन नहीं। विद्वान सर्वत्र पूजा जाता है। हमारे प्रदेश-देश के विद्वानों का सम्मान देश के बाहर सात समंदर पार भी होता है। आईटी के विद्यार्थी सारे विश्व में बड़ी-बड़ी वैज्ञानिक संस्थाओं का संचालन कर रहे हैं चाहे वह नासा हो या अन्य कोई जगह। ग्रामीण प्रतिभाएं जितनी तेजी से विद्या ग्रहण कर रही हैं वह अपने आप में एक बड़ी उपलब्धि है। सुरखी विधानसभा में बड़े शहरों की भांति विद्यालय है। स्मार्ट क्लासेस है। अच्छी प्रयोगशालाएं है। सुरखी विधानसभा क्षेत्र में शिक्षा के क्षेत्र में किए गए कार्यों और उपलब्धियों को भी बताया गया। क्षेत्र में 25 हाईस्कूल एवं 12 हायर सेकेंडरी विद्यालय शामिल हैं। विद्यार्थियों को डिजिटल शिक्षा से जोड़ने 335 विद्यार्थियों को लैपटॉप तथा 22 विद्यार्थियों को स्कूटी वितरित की गई हैं। कक्षा 9वीं के विद्यार्थियों को 2028 निशुल्क साइकिलें दी गईं। विद्यालयों में अधोसंरचना विकास के अंतर्गत 7 अतिरिक्त कक्षों को प्रयोगशालाओं के लिए स्वीकृति दी गई। शासकीय कन्या उमावि राहतगढ़ एवं मीरखेड़ी में लगभग 19.86 लाख रुपये तथा शासकीय हाईस्कूल गुरैया एवं भीष्मनगर में 18.55 लाख रुपये की लागत से निर्माण कार्य स्वीकृत हुआ। 22 विद्यालयों के अनुरक्षण के लिए 70.18 लाख रुपये की राशि भी स्वीकृत की गई है। भविष्य की तैयारी… 29 हाईस्कूल तो 16 हायर सेकंडरी उन्नयन के प्रस्ताव 29 माध्यमिक विद्यालयों को हाईस्कूल तथा 16 हाईस्कूल को हायर सेकेंडरी में उन्नयन के प्रस्ताव भेजे गए हैं। 27 विद्यालयों के लिए आईसीटी प्रोजेक्ट, 33 विद्यालयों में फर्नीचर की मांग, 8 विद्यालयों में आईसीटी लैब तथा स्मार्ट क्लास की सुविधा 13 विद्यालयों में 27 पैनल एवं 46 विद्यालयों में 46 पैनल के माध्यम से उपलब्ध कराई जा रही है। यह सब हमारी भाजपा सरकार प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी एवं डॉ.मोहन यादव सरकार की शिक्षा की उच्च गुणवत्ता के मापदंड हैं। सरकार का लक्ष्य है कि ग्रामीण और अर्ध शहरी क्षेत्रों में भी विद्यार्थियों को आधुनिक एवं गुणवत्तापूर्ण शिक्षा उपलब्ध कराई जाए। प्रतिभावान विद्यार्थियों को प्रशस्ति पत्र सहित एक-एक हजार रुपये की राशि भी दी। प्रतिभावान छात्र-छात्राओं को स्कूटी वितरण कर उन्हें शुभकामनाएं भी दी। भाजपा जिलाध्यक्ष श्याम तिवारी ने कहा मंत्री राजपूत द्वारा सुरखी विधानसभा क्षेत्र की तस्वीर बदल दी गई है। विद्यार्थियों को पढ़ाई के लिए आधुनिक व्यवस्था की है। स्मार्ट क्लास जैसे कई आधुनिक प्रयोग एवं सुरक्षित स्कूल परिसर लैब आदि सुरखी विधानसभा क्षेत्र में उपलब्ध है। भाजपा सरकार संकल्प है कि हर बच्चा शिक्षा से जुड़े जिसको लेकर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी तथा मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव लगातार प्रयास कर रहे हैं। इस मौैके पर डॉ. सुखदेव मिश्रा, डॉ. वीरेंद्र पाठक, शैलेंद्र श्रीवास्तव, साहब सिंह, धीरज सिंह औरिया, जेडी एसपीएस बिसेन, डीईओ अरविंद जैन, एपीसी डॉ. देवेंद्र चौबे, राजकुमार कपूर, डॉ. महेंद्र तिवारी आदि मौजूद थे। मंत्री राजपूत ने विद्यार्थियों, शिक्षकों एवं परिजनों पर पुष्प वर्षा करते हुए उनका अभिनंदन किया।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *