भास्कर संवाददाता | सागर संभागीय एवं जिला क्षत्रिय कुशवाहा समाज का युवक-युवती परिचय सम्मेलन रविवार को सुबह 11 बजे से पदमाकर सभागार मोतीनगर में आयोजित किया जाएगा। यह सम्मेलन सिर्फ वैवाहिक परिचय का मंच नहीं, बल्कि समाज की सामाजिक चेतना, पर्यावरण संरक्षण और आधुनिक तकनीक के सकारात्मक उपयोग का संदेश भी देगा। आयोजन की विशेषता यह कि कार्यक्रम को पूरी तरह प्लास्टिक-मुक्त रखा जाएगा और समाज के प्रत्येक परिवार को अपने घर के बाहर कम से कम दो पौधे लगाने व उनके संरक्षण का संकल्प दिलाया जाएगा। आयोजकों के अनुसार सम्मेलन के दौरान समाज का एक विशेष वाट्सएप ग्रुप भी बनाया जाएगा, जिसमें विवाह योग्य युवक-युवतियों के माता-पिता अपने बच्चों का बायोडाटा साझा कर सकेंगे। इससे सम्मेलन के बाद भी संवाद बना रहेगा और रिश्तों को आगे बढ़ाने में सुविधा होगी। पारंपरिक सामाजिक मूल्यों के साथ आधुनिक तकनीक के इस समन्वय को समाज की एक नई पहल माना जा रहा है। सम्मेलन में प्रदेश भर से समाज के जनप्रतिनिधि, समाजसेवी और गणमान्य नागरिक शामिल होंगे। राज्यमंत्री दर्जा प्राप्त नारायण सिंह कुशवाहा, चंदन प्रेमी, भारत सिंह कुशवाहा सहित समाज के वरिष्ठजन कार्यक्रम में सहभागिता करेंगे। आयोजन को सुव्यवस्थित और पारदर्शी बनाने के लिए व्यापक तैयारियां की गई हैं। अतिथियों के आवागमन और ठहरने की समुचित व्यवस्था की गई है। ग्रामीण अंचलों से आने वाले समाजजनों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए ई-रिक्शा और ऑटो की व्यवस्था भी की गई है, ताकि उन्हें कार्यक्रम स्थल तक पहुंचने में किसी प्रकार की असुविधा न हो। कार्यक्रम में छावनी परिषद की पूर्व उपाध्यक्ष पूनम पटेल, साक्षी ट्रैक्टर्स एंड मोटर्स के संचालक वीरेंद्र पटेल, अध्यक्ष प्रदीप पटेल , कार्यकारी अध्यक्ष केशव पटेल सहित समाज के पदाधिकारी उपस्थित रहेंगे। मंच संचालन और प्रचार-प्रसार की जिम्मेदारी राम अवतार पटेल निभाएंगे। आयोजकों ने बताया कि इस बार समाज पर्यावरण संरक्षण को लेकर विशेष संदेश देगा। कार्यक्रम में डिस्पोजेबल वस्तुओं के उपयोग से परहेज की शपथ दिलाई जाएगी।


