सिटी रिपोर्टर | बोकारो स्टील अथॉरिटी ऑफ इंडिया लिमिटेड के तत्वावधान में शुक्रवार से 20 दिसंबर तक आयोजित दो दिवसीय हेड ऑफ प्रोजेक्ट्स (एचओपी) मीट का शुभारंभ बोकारो निवास में किया गया। इस उच्चस्तरीय बैठक का आयोजन बोकारो स्टील प्लांट द्वारा किया गया, जिसमें सेल के कॉरपोरेट कार्यालय, एकीकृत इस्पात संयंत्रों, खदानों एवं विभिन्न इकाइयों के वरिष्ठ अधिकारियों ने भाग लिया है। बैठक का उद्देश्य परियोजना क्रियान्वयन को सुदृढ़ करना, महत्वपूर्ण बाधाओं का समाधान करना तथा सेल की रणनीतिक विस्तार योजनाओं को गति प्रदान करना है। अधिशासी निदेशक (परियोजना) अनिष सेनगुप्ता ने कार्यों की जानकारी दी। शुरुआत सुरक्षा शपथ के साथ की गई। अधिशासी निदेशक (मानव संसाधन) राजश्री बनर्जी ने आगंतुक प्रतिनिधियों का स्वागत किया। राउरकेला स्टील प्लांट के निदेशक प्रभारी व बीएसएल के लिंक निदेशक आलोक वर्मा ने ऑनलाइन संबोधन में समयबद्ध अवसंरचना विकास और उत्पादन क्षमता वृद्धि के बीच के महत्वपूर्ण संबंध को रेखांकित किया। इस दौरान प्रतिभागियों ने विभिन्न पहलों की प्रगति की गहन समीक्षा की। महाप्रबंधक (परियोजना) सुधीर कुमार ने डिजिटल प्रोजेक्ट मॉनिटरिंग सिस्टम पर विस्तृत प्रस्तुति दी। परियोजनाओं की भौतिक व वित्तीय प्रगति की निगरानी को और अधिक प्रभावी बनाने पर विचार किया गया।


