रांची में एक ही आधार सेवा केंद्र चालू:काम धीमा होने से सैकड़ों लोग निराश लौट रहे

स्कूलों का दबाव, 5 साल तक के सभी बच्चों का आधार अपडेट कराएँ
राजधानी रांची के सभी स्कूलों में परमानेंट एजुकेशन नंबर (पेन) बनाने का काम चल रहा है। लेकिन काफी बच्चों का पेन नंबर नहीं बन रहा है, क्योंकि आधार कार्ड में त्रुटि है। स्कूल प्रबंधन की ओर से अभिभावकों को आधार अपडेट कराने और त्रुटि दूर करने का मैसेज भेजा जा रहा है। लेकिन अभिभावक विवश हैं, क्योंकि रांची में आधार सेवा केंद्र की संख्या घट गई है। रातू रोड में गैलेक्सिया मॉल में स्थित आधार सेवा केंद्र को बंद कर दिया गया है। वहीं, कांटाटोली के इस्टेट प्लाजा में स्थित आधार सेवा केंद्र को कैटेगरी ए से बी में डाल दिया गया है। इस वजह से केंद्र में कंप्यूटर यूनिट की संख्या 16 से घटाकर 8 कर दी गई है। इसका सीधा असर आम लोगों पर पड़ रहा है। सुबह 9 बजे से ही लोगों की भीड़ लग रही है और शाम 6 बजे तक 500 से 600 लोगों का काम हो रहा है। सैकड़ों लोग वापस लौट जा रहे हैं। शुक्रवार को भी दोपहर में लंबे इंतजार के बाद सड़क पर खड़े लोग निराश होकर वापस लौट गए। मूरी से अपने बच्चे का आधार अपडेट कराने पहुँचीं रीता देवी ने कहा कि केंद्र के कर्मचारी किसी भी सवाल का जवाब नहीं देते हैं। राज्य के 11 जिलों में दो फेज में खुलेंगे आधार केंद्र
​​​​​​​रांची, धनबाद और जमशेदपुर के अलावा राज्य के 11 जिलों में भी आधार सेवा केंद्र खुलेंगे। दो फेज में ये नए सेंटर खोले जाएँगे, ताकि वहाँ के लोगों को आधार कार्ड से जुड़े कार्यों के लिए दूसरे जिले में नहीं जाना पड़े। पहले फेज में देवघर, हजारीबाग, बोकारो, गिरिडीह में नए केंद्र खुलेंगे। इसके बाद अन्य छोटे जिलों को मिलाकर नया सेंटर खोला जाएगा।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *