बीकानेर में मौसम बदल गया है। शनिवार की सुबह रिमझिम बारिश के साथ शुरू हुई। ये दौर रविवार तक चल सकता है। वहीं एक बार फिर कोहरा भी अपना रंग दिखा सकता है। दरअसल, मौसम विभाग ने बीकानेर संभाग में बारिश के साथ ही घने कोहरे की आशंका जताई है। बीकानेर सहित कई जिलों के लिए यलो अलर्ट जारी किया गया है। रविवार से मौसम साफ हो जाएगा। शनिवार सुबह पांच बजे के बाद से ही हल्की रिमझिम बारिश ने बीकानेर को भिगोना शुरू कर दिया था। इस बीच सुबह सात बजे तक रिमझिम बारिश ने मौसम ही बदल दिया। सड़कों पर लोगों की आवाजाही कम हो गई। अत्यावश्यक होने पर घर से निकल रहे लोग सर्दी का पूरे इंतजाम के साथ बाहर आए। अभी रविवार को मौसम साफ रह सकता है। मंगलवार तक की भविष्यवाणी में रविवार से मौसम पूरी तरह शुष्क बताया गया है। मौसम विभाग ने जिन जिलों के लिए यलो अलर्ट जारी किया है, उसमें जयपुर, पाली, अजमेर, सीकर, नागौर, जोधपुर, बीकानेर, झुंझुनूं, चूरू शामिल है। यहां मेघगर्जन के साथ बूंदाबांदी और हल्की वर्षा की संभावना है। मौसम विभाग ने मेघगर्जन की स्थिति में सुरक्षित स्थानों पर रहने की चेतावनी दी है। वहीं पेड़ के नीचे खड़े नहीं होने की सलाह दी है। तापमान में उतार-चढ़ाव पिछले चौबीस घंटे में बीकानेर में न्यूनतम तापमान नौ डिग्री सेल्सियस से ऊपर पहुंच गया। गुरुवार की रात पारा नौ डिग्री सेल्सियस था, वहीं शुक्रवार की रात तेज हवा और ठंडक बढ़ने से पारा में कुछ कमी आई है। अब रविवार को अगर बारिश नहीं होती है तो तापमान में और बढोतरी की उम्मीद जताई जा रही है। मंगलवार तक की भविष्यवाणी में बीकानेर में मौसम पूरी तरह शुष्क रहेगा। सर्दी कम होगी।


