आचार्य धर्मेंद्र महाराज की जन्म जयंती:गौसेवा सप्ताह का आयोजन, संत-महात्माओं और सांसद की रही उपस्थिति

आचार्य धर्मेंद्र महाराज की जन्म जयंती के अवसर पर स्वामी रामचंद्र वीर गौशाला, देवली, विराटनगर में गौसेवा सप्ताह का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में संत-महात्माओं और जयपुर ग्रामीण सांसद राव राजेंद्र सिंह की उपस्थिति रही। कार्यक्रम का शुभारंभ वैदिक मंगलाचरण के साथ हुआ। आचार्य स्वामी सोमेंद्र ने आचार्य धर्मेंद्र महाराज की तस्वीर पर पुष्प अर्पित कर श्रद्धांजलि दी। इसके बाद, सांसद राव राजेंद्र सिंह और पंचखंड पीठाधीश्वर आचार्य स्वामी सोमेंद्र जी महाराज ने गौशाला में टीन शेड का लोकार्पण किया। सांसद राव राजेंद्र सिंह ने कहा कि संतो की सानिध्य में सनातन धर्म की रक्षा और गौसेवा के प्रति समर्पण अत्यंत गौरवशाली कार्य है। उन्होंने सभी से गौसेवा में बढ़-चढ़कर भाग लेने का आह्वान किया। पंचखंड पीठाधीश्वर आचार्य सोमेंद्र महाराज ने सनातन संस्कृति और आचार्य धर्मेंद्र महाराज के दिखाए मार्ग का अनुसरण करते हुए धर्म और गौसेवा के प्रति समर्पित भाव से कार्य करने पर जोर दिया। उन्होंने गौशाला परिसर में हरियाली और संरक्षण की सराहना की। इस दौरान, टोरड़ा धाम के पीठाधीश्वर महंत मंगलदास महाराज ने गौसेवा को सर्वोत्तम सेवा बताया और आचार्य धर्मेंद्र महाराज के विचारों को अपनाने का आग्रह किया। उन्होंने अयोध्या में रामलला की स्थापना में आचार्य धर्मेंद्र के योगदान को याद किया। झीड़ा बालाजी के महंत सोहनलाल महाराज ने गौमाता को विश्व की माता बताते हुए उनके संरक्षण और सेवा पर बल दिया। महंत ओंकारदास महाराज ने गौसेवा को एक पुनीत कार्य बताते हुए आचार्य धर्मेंद्र के योगदान को स्मरण किया। कार्यक्रम का संचालन युवाचार्य पंकज पाराशर ने किया। इस अवसर पर कई संत-महात्मा, गणमान्य नागरिक और सैकड़ों लोग उपस्थित रहे।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *