छत्तीसगढ़ के सरगुजा से शुरू हुई हवाई सेवा एक साल बाद पूरी तरह बंद हो गई है। दरअसल, उड़ान 4.2 योजना के तहत 19 दिसंबर 2024 को दरिमा एयरपोर्ट से रायपुर और बिलासपुर के लिए हवाई सेवाओं का शुभारंभ किया गया था, जिसका शुरुआती किराया 999 रुपए था। सप्ताह में 3 दिन गुरुवार, शुक्रवार और शनिवार को सुविधा मिलती थी। लेकिन हवाई सेवा का संचालन करने वाली फ्लाई बिग कंपनी की उड़ानें कभी नियमित नहीं रहीं। शुरुआती कुछ दिनों तक फ्लाइट का संचालन भी ठीक रहा। इसके बाद टिकटों के बढ़ते दाम के कारण यात्री कम होते गए। 999 रुपए से टिकट महंगी होकर 1999 हो गई। बाद में यह कीमत 5999 रुपए तक कर दी गई। फिर कभी बारिश में दृश्यता कम होने का हवाला देकर, तो कभी तकनीकी खराबी जैसे कारणों से सेवाएं बाधित होती रहीं। बारिश के कारण जून 2025 में ही सेवाएं बंद कर दी गई थीं। हालांकि, दिवाली के समय 5 फ्लाइट्स का संचालन किया गया। इसके बाद से सेवा ठप है। फ्लाई बिग को 29 अक्टूबर तक अपना विंटर शेड्यूल देना था, लेकिन फ्लाई बिग ने शेड्यूल ही जमा नहीं किया है। पूर्व उपमुख्यमंत्री टीएस सिंहदेव ने कहा कि यह सेवा बंद हो गई है, तो अच्छा ही हुआ। सिर्फ खानापूर्ति के लिए सेवा शुरू की गई थी। वहीं, सरगुजा सांसद चिंतामणि महाराज ने कहा कि वे इंडिगो एयरलाइंस से 2 बार बैठक करा चुके हैं। जल्द ही सेवाएं शुरू हो जाने की उम्मीद है। पहले देखिए ये तस्वीरें- सेवाएं बाधित होने से लोगों का रुझान घटा हवाई सेवा शुरू होने के शुरुआती दिनों में सरगुजा वासियों में खासा उत्साह देखा गया और अधिकांश फ्लाइट्स फुल रहीं। हालांकि, कुछ समय बाद फ्लाई बिग ने किराया बढ़ा दिया। अनियमित संचालन और बढ़े हुए किराए के कारण यात्रियों का रुझान धीरे-धीरे कम होता चला गया। जिससे सीटों की बुकिंग प्रभावित होने लगी। हवाई सेवाओं के प्रभावित होने की एक बड़ी वजह योजना में अदूरदर्शिता भी रही। शुरुआत में सप्ताह में 3 दिन उड़ानें संचालित की गईं, जिन्हें बाद में बढ़ाकर 5 दिन कर दिया गया। उड़ानों का रूट रायपुर-अंबिकापुर-बिलासपुर-अंबिकापुर-रायपुर रखा गया, लेकिन अंबिकापुर और बिलासपुर के बीच हवाई सेवा के लिए यात्रियों की मांग नहीं दिखी, जिससे यह रूट व्यावहारिक साबित नहीं हो सका। फ्लाई बिग ने हाथ खींचे, नहीं दिया शेड्यूल हवाई सेवा संचालित करने वाली कंपनी फ्लाई बिग ने अब सरगुजा से पूरी तरह हाथ खींच लिया है। कंपनी को 29 अक्टूबर तक अपना विंटर शेड्यूल देना था, लेकिन फ्लाई बिग ने शेड्यूल जमा नहीं किया। बारिश के बाद जून 2025 में सेवाएं बंद कर दी गई थीं। दीपावली के आसपास केवल 5 दिनों तक उड़ानें संचालित हुईं, जिसके बाद से सेवाएं पूरी तरह ठप हैं। सिंहदेव बोले- अच्छा हुआ बंद हो गया पूर्व डिप्टी सीएम टीएस सिंहदेव ने फ्लाई बिग की सेवाओं को लेकर नाराजगी जताते हुए कहा कि फ्लाई बिग की सेवाएं बंद हो गई तो अच्छा ही हुआ। खानापूर्ति के लिए सेवाएं शुरू की गई थी। कंपनी की 19 सीटर विमान यात्रियों के लिए कंफर्टेबल नहीं थी और सर्विस भी बेहद अनियमित थीं। उन्होंने कहा कि सरगुजा क्षेत्र की लगातार उपेक्षा की गई है। इस रूट पर बड़े विमानों की जरूरत है। रायपुर-अंबिकापुर-वाराणसी रूट को व्यवसायिक रूप से बेहतर बताया गया है। इसके अलावा रांची और इलाहाबाद भी बेहतर विकल्प हो सकते हैं। इंडिगो शुरू कर सकती है सेवा- सांसद वहीं, सरगुजा सांसद चिंतामणि महाराज ने कहा कि वे इंडिगो एयरलाइंस से 2 बार बैठक करा चुके हैं। इस संबंध में मंत्री से भी चर्चा हुई है। उन्होंने उम्मीद जताई कि जल्द ही सरगुजा से किसी अन्य कंपनी के माध्यम से हवाई सेवाएं शुरू की जाएगी। ……………………… रायपुर-अंबिकापुर फ्लाइट से जुड़ी ये खबर भी पढ़ें… 01. रायपुर-अंबिकापुर फ्लाइट ने 18 यात्रियों को लेकर भरी उड़ान: CM ने दिखाई हरी-झंड़ी, सप्ताह में 3 दिन चलेगी; शुरुआती किराया 999 रुपए उत्तर छत्तीसगढ़ का सरगुजा हवाई सेवाओं से जुड़ गया है। सीएम विष्णुदेव साय ने रायपुर के स्वामी विवेकानंद एयरपोर्ट से रायपुर-अंबिकापुर की फ्लाइट को हरी झंडी दिखाई। रायपुर-अंबिकापुर-बिलासपुर के लिए सप्ताह में 3 दिन गुरुवार, शुक्रवार और शनिवार को फ्लाइट मिलेगी। पढ़ें पूरी खबर 02.रायपुर-अंबिकापुर और बिलासपुर फ्लाइट की टिकट महंगी हुई:बेस फेयर 1999 से 5999 रुपए तक हुआ, सेवाएं और बुकिंग भी नियमित नहीं रायपुर-अंबिकापुर और बिलासपुर की फ्लाइट सप्ताह में 3 दिन के लिए शुरू की गई है। लेकिन इसकी सेवाएं और बुकिंग अभी नियमित नहीं हो पाई है। फ्लाइट का किराया 999 रुपए निर्धारित किए जाने का दावा किया गया था, लेकिन अब टिकट महंगी कर 1999 से 5999 रुपए तक कर दी गई है। पढ़ें पूरी खबर


