शिमला के संजौली बाजार में शुक्रवार देर शाम को दो पक्षों के बीच किसी बात को लेकर बीच सड़क पर विवाद हो गया और बात मारपीट तक पहुंच गई। इस विवाद के चलते संजौली-ढली सड़क पर लंबा जाम लग गया । जिससे एंबुलेंस सहित दूसरे वाहन जाम में फंस गए और लोगों को परेशानी झेलनी पड़ी। बाद में सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची लेकिन तक तक वहां मौजूद लोगों ने मामले को शांत करवा दिया था। इस घटना का विडियो भी सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। प्राप्त जानकारी के अनुसार हरियाणा नंबर की कार से उतरे एक व्यक्ति ने आगे चल रही गाड़ी के चालक से विवाद शुरू किया। दोनों पक्षों के बीच खूब गाली-गलौच हुई और मामला मारपीट तक पहुंच गया। घटना के दौरान संजौली-ढली सड़क पर लोगों की भीड़ जमा हो गई और वहां लंबा जाम लग गया। जिससे करीब आधे घंटे तक यातायात बाधित रहा। इस दौरान एक एम्बुलेंस भी जाम में फंस गई। पुलिस को जैसे ही घटना की सूचना मिली, टीम मौके पर पहुंची, लेकिन तब तक दोनों पक्षों के बीच मामला सुलझ चुका था। पुलिस के अनुसार, किसी भी पक्ष से कोई औपचारिक शिकायत दर्ज नहीं कराई गई है। विडियो सोशल मीडिया पर वायरल घटना का एक वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है, जिसमें दोनों पक्षों के बीच हुई हाथापाई साफ देखी जा सकती है। ।वायरल वीडियो में एक युवक को थप्पड़ लग रहे हैं। वहीं विडियो में जाम में फंसे वाहनों की लंबी लाइन भी दिखाई दे रही है।


