मुख्यमंत्रीजी! मेरे साथ गैंगरेप हुआ है। मेरी सौतेली मां भी इस घिनौने काम में शामिल थी।पुलिस कोई कार्रवाई नहीं कर रही है। इस मामले में कई रसूखदार आरोपियों के नाम शामिल है, जिन्हें पुलिस बचा रही है। 9 जनवरी को जब मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा जोधपुर दौरे पर थे, एक नाबालिग उनसे मिली और राेते हुए अपनी आपबीती सुनाई। उसने बताया कि उसकी सौतेली मां ने कुछ लड़कों को बुला कर उसके साथ गलत काम कराया। उसने बताया कि 8 आरोपियों ने उसके साथ गैंग रेप किया। तीन को पुलिस ने पकड़ा है, पांच अभी भी बाहर है। उसने बताया कि उस पर आरोपियों के नाम हटाने का दबाव बनाया जा रहा है और मारने की धमकी दी जा रही है। भास्कर रिपोर्टर पीड़िता से मिली और उसकी आपबीती जानी… काश! मेरी सगी मां आज जिंदा होतीं तो मेरे साथ ऐसा कुछ नहीं होता। 31 जुलाई 2023 को मैं अपने दोनों छोटे भाइयों के साथ सो रही थी। सौतेली मां दूसरे कमरे में थी। रात के दो बजे मां ने मुझे उठाया और दूसरे कमरे में ले गई। वहां अनिल, महेश और राकेश नाम के तीन लड़के थे। मैंने मां से उनके बारे में पूछा तो उसने कहा- शोर मत मचा, तेरे दोनों भाई जाग जाएंगे। इसके बाद तीन लड़कों ने बारी-बारी मेरे साथ रेप किया। मैंने चिल्लाने की कोशिश की, लेकिन मां ने मेरा मुंह दबा दिया। मैं रोती रही। मां को बोला- मुझे दर्द हो रहा है लेकिन मां ने एक नहीं सुनी। इस दौरान एक लड़के ने मेरा फोटो-वीडियो भी बना लिया। मां बोली- किसी से कुछ मत कहना। वरना ये लड़के तेरे फोटो-वीडियो फेसबुक-इंस्टाग्राम पर डाल देंगे। पिता को बात पता चली तो या तो वह मर जाएंगे नहीं तो तुझे मार देंगे। नहीं तो यह लड़के तेरे दोनों भाई, तेरे पिता और तुझे भी मार देंगे। मां की धमकियों से मैं डर गई। किसी को कुछ नहीं बताया। दर्द के मारे 2 दिन तक बिस्तर से नहीं उठ पाई। एक सप्ताह बाद फिर मां उठाने आई तो… कांप गई एक सप्ताह बाद एक रात फिर सौतेली मां कमरे में आईं। उन्हें देखते ही मैं डर गई, लगा फिर कुछ होने वाला है। मां ने दूसरे कमरे में चलने को कहा, मैंने इनकार कर दिया। इस पर उन्होंने धमकी दी कि वो मेरे पिता को सबकुछ बता देगी और डराकर दूसरे कमरे में ले गई। वहां अनिल के साथ तीन और लड़के श्यामलाल, महेंद्र और सुनील थे। उन चारों ने मेरे साथ रेप किया। मैंने मां से कहा- मेरा पेट दुख रहा है तो बोली- तेरे लिए गोली घर पर ही मंगवा दूंगी और मंगवा भी दी। अगले महीने पीरियड नहीं आया तब फिर बोला, तब भी मां ने गोली मंगवा कर दे दी। प्रिंसिपल को पता चला उसने भी बनाया शिकार एक माह बाद अनिल कुछ लड़कों के साथ मेरी स्कूल आया और अपने साथ चलने के लिए कहा। मैंने इनकार किया तो धमकाने लगा। इस पर स्कूल प्रिंसिपल वहां पहुंचे और लड़कों को भगा दिया। इसके बाद प्रिंसिपल ने ऑफिस में बुलाया और पूछा यह लड़के कौन थे और यहां क्यों आए। पिता को फोन कर बुलाने और दबाव देने पर मैंने प्रिंसिपल को सारी आपबीती बता दी। मुझे लगा प्रिंसिपल मेरी मदद करेंगे, लेकिन उन्होंने भी मेरे साथ दरिंदगी की। कभी प्रिंसिपल रूम तो कभी लंच टाइम में क्लास रूम में बुलाकर मेरे साथ रेप किया। मुझे स्कूल जाने में भी डर लगने लगा। 6 फरवरी को अनिल फिर तीन लोगों को लाया। दो मानाराम और प्रवीण नाम के लड़के थे और एक मेरे दूर के रिश्तेदार थे। मानाराम और प्रवीण दोनों ने दुष्कर्म किया। दूर के रिश्तेदार को मैंने कहा कि मैं अपने पापा से इसकी शिकायत करूंगी तो छेड़छाड़ के बाद उन्होंने मुझे छोड़ दिया। मुझे लेकर गांव के लोग तरह-तरह की बात कर रहे थे। कुछ बातें मेरे पिता तक भी पहुंची। वो घर आकर मां से पूछताछ कर रहे थे। ऐसे में डर और शर्म के कारण मैं पानी के टांके में कूद गई। पिता बोले- ऐसा कदम नहीं उठाती तो मुझे पता ही नहीं चलता पीड़िता के पिता ने बताया कि पिता ने बताया कि 3 अगस्त को मेरी बेटी ने पानी के टांके में कूद कर आत्महत्या की कोशिश की। इस पर मैं दौड़कर टांके के पास गया और उसे निकाला। बाहर निकालकर मैंने उससे ऐसा करने की वजह पूछी। शुरुआत में शर्म और घबराहट के कारण वह कुछ नहीं बोली। बाद में उसे तसल्ली देकर विश्वास में लिया तो उसने पूरी घटना मुझे बताई। मेरे पैरों तले से जमीन खिसक गई। दिल बैठ गया। सोचा था सौतेली मां परवरिश करेगी लेकिन उसने तो बच्ची की जिंदगी ही बिगाड़ दी। सात वर्ष पहले पहली पत्नी की मौत के बाद दूसरी शादी की थी। वह भी बच्चों को ताने देती थी। उससे तलाक लेकर सात माह पहले ही तीसरी शादी की थी। अब घर में रहती है कैद पीड़िता सारा समय घर में रहती है। पढ़ाई छोड़ दी। उसका दर्द है कि उसने अपनी सौतेली मां सहित सभी आरोपियों के खिलाफ बयान दिए। पुलिस ने तीन आरोपियों अनिल, श्यामलाल व राकेश को गिरफ्तार किया है। लेकिन उसकी सौतेली मां, महेंद्र, सुनील,मानाराम आदि के विरुद्ध कोई कार्रवाई नहीं की गई। जिन आरोपियों को नहीं पकड़ा उनके घर वाले धमकी देते हैं। नाम वापस हटाने का दबाव बनाते हैं। पिता घर पर नहीं होते तो सामने खेत तक आकर मुझे गंदे इशारे करते हैं। जान से मारने की धमकी देते हैं। रेंज आईजी बोले- तीन को गिरफ्तार किया रेंज आईजी विकास कुमार ने बताया कि इस मामले में तीन आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है, बाकी आरोपियों के इंवॉल्वमेंट को लेकर जांच की जा रही है, स्कूल का प्रिंसिपल भी इसमें आरोपी बताया जा रहा है। उसको भी पूछताछ के लिए बुलाया गया है। उन्होंने कहा कि मामला जटिल है, परिवार के लोग जुड़े हैं। कड़ी से कड़ी जोड़कर आरोपियों को पकड़ने की कोशिश की जा रही है।


