पीएम आवास योजना में अनियमितताओं का आरोप, ग्रामीणों ने कलेक्टर से शिकायत की

बलरामपुर-रामानुजगंज जिले के शंकरगढ़ जनपद अंतर्गत ग्राम पंचायत हरगवां में प्रधानमंत्री आवास योजना (वर्ष 2024–25) के क्रियान्वयन में अनियमितताओं के आरोप सामने आए हैं। मामले को लेकर ग्रामीणों ने कलेक्टर, बलरामपुर- रामानुजगंज को लिखित शिकायत सौंपते हुए निष्पक्ष जांच और दोषियों पर कठोर कार्रवाई की मांग की है। शिकायत में बताया है कि ग्राम पंचायत हरगवां में वर्ष 2024-25 के दौरान कुल 76 प्रधानमंत्री आवास स्वीकृत किए गए थे। इनमें से अब तक िसर्फ 15 आवासों का निर्माण पूरा हुआ है। वहीं, 12 आवास प्लिंथ लेवल या डोर लेवल तक ही बन पाए हैं, जबकि 49 आवासों का कार्य अब तक शुरू भी नहीं किया गया है। इससे योजना के क्रियान्वयन पर सवाल खड़े हो गए हैं। ग्रामीणों का आरोप है कि कई हितग्राहियों से जानकारी लेने पर यह सामने आया कि आवास निर्माण के लिए स्वीकृत राशि को पंचायत सचिव व रोजगार सहायक द्वारा अंगूठा लगवाकर हितग्राहियों की आईडी से निकाल लिया। राशि आहरित होने के कारण आवास निर्माण का कार्य प्रारंभ नहीं हो सका। इसके अलावा, बिना कार्य कराए ही लगभग 90 हाजिरी का फर्जी मास्टर रोल भरकर भुगतान निकालने का भी आरोप लगाया है। ग्रामीणों ने यह भी आरोप लगाया कि संबंधित पंचायत सचिव लंबे समय से उसी पंचायत में पदस्थ है और पहले भी अनियमितताओं की शिकायतें सामने आती रही हैं, लेकिन अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई। ग्रामीणों ने प्रशासन से मांग की है कि मामले की निष्पक्ष जांच कर दोषी अधिकारियों और कर्मचारियों के ​खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाए, ताकि प्रधानमंत्री आवास योजना का लाभ वास्तविक जरूरतमंदों तक पहुंच सके। अब सभी की निगाहें जिला प्रशासन की कार्रवाई पर टिकी हुई हैं।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *