पंजाब के फाजिल्का में कचहरी के बाहर एक बाइक चोर को लोगों ने रंगे हाथों पकड़ लिया। गांव रामकोट के सुभाष चंद्र की बाइक से सामान चोरी करते समय आरोपी को मौके पर ही दबोच लिया गया। घटना के दौरान मौके पर पहुंचे गांव मयानी बस्ती के अशोक मक्कड़ ने बताया कि दो दिन पहले एमएम सिंह मेडिकल के सामने से उनकी बाइक भी इसी युवक ने चोरी की थी, जिसका वीडियो भी उनके पास मौजूद है। लोगों ने इकट्ठा होकर पकड़ा
घटना की जानकारी मिलते ही पीसीआर पुलिस की टीम मौके पर पहुंच गई। हालांकि पकड़े जाने के बाद आरोपी युवक माफी मांगने लगा, लेकिन लोगों ने उसे पुलिस के हवाले कर दिया। सुभाष चंद्र ने बताया कि वह कचहरी में काम के लिए आए थे, जब उन्होंने देखा कि एक युवक उनकी बाइक के बैग से सामान निकाल रहा है। उन्होंने तुरंत युवक को पकड़ लिया और आसपास के लोग भी इकट्ठा हो गए। पुलिस ने आरोपी को हिरासत में लेकर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है। स्थानीय लोगों का कहना है कि इस तरह के अपराधों पर अंकुश लगाने के लिए कड़ी कार्रवाई की जरूरत है।


