सागर के देवरी विकासखंड की ग्राम पंचायत सुजानपुर में खाली सरपंच के पद पर चुनाव कराया गया। जिसमें पूर्व सरपंच सुरजीत सिंह लोधी के भतीजे को निर्विरोध सरपंच चुना गया है। शुक्रवार को देवरी में एसडीएम और तहसीलदार ने उन्हें निर्वाचन प्रमाण पत्र सौंपा है। दरअसल, ग्राम पंचायत सुजानपुर के सरपंच सुरजीत सिंह उर्फ गुड्डू लोधी (44) थे। वे जुलाई माह में खेत से लौट रहे थे। तभी आकाशीय बिजली गिरी और चपेट में आने से सरपंच सुरजीत सिंह की मौत हो गई। उनके निधन के बाद से सुजानपुर पंचायत में सरपंच का पद खाली था। जिसको लेकर प्रशासन ने सरपंच पद के चुनाव कराने की प्रक्रिया शुरू की। गांव से सरपंच पद के लिए सिर्फ एक नामांकन अभय सिंह लोधी का जमा हुआ। ऐसे में मृतक पूर्व सरपंच सुरजीत सिंह के भतीजे अभय सिंह लोधी को सुजानपुर का निर्विरोध सरपंच चुना गया है। गांव के विकास में कमी नहीं रहने दूंगा देवरी एसडीएम मुनव्वर खान और तहसीलदार प्रीति रानी चौरसिया ने अभय सिंह को निर्वाचन प्रमाण पत्र सौंपा। निर्विरोध सरपंच चुने जाने पर ग्रामीण और भाजपा कार्यकर्ताओं ने अभय सिंह का फूलमाला पहनाकर और मिठाई खिलाकर खुशी मनाई। नवनिर्वाचित सरपंच अभय सिंह ने कहा कि गांव में काम करने के लिए समय कम मिला है। लेकिन मैं पूरी कोशिश करूंगा कि ग्राम पंचायत के हर व्यक्ति को शासकीय योजनाओं का लाभ मिले और सभी विकास कार्य हों। गांव के विकास में कोई कमी नहीं छोडूंगा।


